पटना: हाइस्कूल शिक्षकों के खाली पदों पर नियुक्ति के लिए शनिवार से कैंप लगेगा. शनिवार को 10 जिला मुख्यालयों पटना, किशनगंज, बांका, मधुबनी, सीवान, शिवहर, शेखपुरा, पश्चिम चंपारण, सुपौल व रोहतास में कैंप लगेगा.
इन जिलों में नगर निगम, नगर पंचायत व नगर पर्षद के लिए नियोजन पत्र बांटे जायेंगे. जिला पर्षद के लिए 16 जून को कैंप लगेगा. राज्य भर के हाइ स्कूलों के 5,904 खाली पदों के लिए नियुक्ति पत्र बांटा जायेगा. इससे पहले जनवरी-फरवरी में हाइ स्कूलों के लिए लगे कैंपों में 3,159 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया था.
सीमित मेधा सूची की बाध्यता नहीं : शनिवार को 10 जिलों में सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक कैंप चलेगा. अभ्यर्थियों को साढ़े दस से पहले कैंप में प्रवेश कर जाना होगा. इसके बाद अगर कोई अभ्यर्थी आता है, तो उसे प्रक्रिया में शामिल होने के लिए संबंधित नियोजन इकाई के प्रभारी अपने स्तर पर आदेश दे सकते हैं. इस बार कैंपों में
सीमित मेधा सूची तैयार करने की बाध्यता नहीं है. नियोजन इकाई में जितने भी आवेदन हैं, उनकी मेधा सूची तैयार की जा रही है. अगर मेधा के क्रम में ऊपर रहनेवाला अभ्यर्थी कैंप में नहीं पहुंचता है, तो उससे नीचे के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा. नियोजन इकाइयों में पद भरने या संबंधित विषय के अभ्यर्थियों के नहीं मिलने बाद जो आवेदन बच जायेंगे, वे रद्द हो जायेंगे. कैंप खत्म होने के बाद जब नये सिरे से शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी.
सबसे पहले होगा रजिस्ट्रेशन
कैंप में पहले अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन होगा. नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग कमरों में बैठने की व्यवस्था की जायेगी. नियुक्ति पत्र बांटने समय मेधा सूची के आधार पर तीन बार अभ्यर्थियों का नाम पुकारा जायेगा. अगर अभ्यर्थी मौजूद रहा, तो उसे नियुक्ति पत्र दिया जायेगा, नहीं तो उसका आवेदन रद्द कर दिया जायेगा. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करायी जायेगी. इसके अलावा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल भी मौजूद रहेंगे.
कैंप में क्या-क्या लेकर जायें
अभ्यर्थी एसटीइटी का मूल प्रमाणपत्र लेकर अवश्य जाएं. मेधा सूची में आनेवाले उन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जायेगा, जो एसटीइटी का मूल प्रमाणपत्र जमा करेंगे. साथ ही अभ्यर्थियों को शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक सर्टिफिकेट की मूल प्रति भी रखनी है. नियुक्ति पत्र देने से पहले प्रमाणपत्रों का मिलान छाया प्रति से किया जायेगा. इसके बाद अभ्यर्थियों से एसटीइटी का मूल प्रमाणपत्र लेकर नियुक्ति पत्र दिया जायेगा.
