पटना-राजगीर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, हर दिन चलेगी, जानें टाइमिंग और स्टॉपेज

Bihar Train News: बिहार में पटना और राजगीर के बीच अब एक नई एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित संचालन शुरू हो रहा है. पहले स्पेशल ट्रेन के तौर पर चल रही इस सेवा को अब स्थायी रूप दे दिया गया है, जिससे यात्रियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी.

Bihar Train News: पूर्व मध्य रेलवे ने पटना और राजगीर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को अब ‘नियमित एक्सप्रेस’ (Regular Express) सेवा में बदलने का फैसला किया है.

कल, यानी सोमवार 06 अप्रैल से गाड़ी संख्या 13354/13353 पटना-राजगीर-पटना एक्सप्रेस पटरी पर दौड़ने लगेगी. अब यात्रियों को ‘0’ नंबर वाली स्पेशल ट्रेनों के भरोसे नहीं रहना होगा, बल्कि कन्फर्म टाइमिंग के साथ यह नई सेवा हर दिन उपलब्ध होगी.

अब रोज चलेगी पटना-राजगीर एक्सप्रेस

लंबे समय से पटना-राजगीर रूट पर चल रही स्पेशल ट्रेन (03250/03249) की सेवा अब समाप्त की जा रही है. इसकी जगह अब नियमित ट्रेन संख्या 13354 और 13353 प्रभावी होगी. रेलवे के इस कदम से न केवल यात्रियों को टिकट बुकिंग में आसानी होगी, बल्कि राजगीर की कनेक्टिविटी सीधे झारखंड के प्रमुख स्टेशनों से भी जुड़ जाएगी.

राजगीर स्टेशन प्रबंधक के अनुसार, 13353 राजगीर-पटना एक्सप्रेस का परिचालन 6 अप्रैल से और 13354 पटना-राजगीर एक्सप्रेस का परिचालन 7 अप्रैल से नियमित रूप से शुरू हो जाएगा.

नोट करें पूरा टाइम टेबल

नई समय सारिणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 13354 पटना-राजगीर एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 09:20 बजे पटना जंक्शन से रवाना होगी और दोपहर 12:45 बजे राजगीर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 13353 राजगीर-पटना एक्सप्रेस प्रतिदिन दोपहर 15:10 बजे राजगीर से खुलेगी और शाम 19:05 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी. यह ट्रेन उन लोगों के लिए सबसे मुफीद है जो पटना से राजगीर जाकर शाम तक वापस लौटना चाहते हैं.

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह एक्सप्रेस ट्रेन अपने सफर के दौरान कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. पटना से राजगीर जाते समय यह राजेंद्र नगर टर्मिनल, गुलजारबाग, पटना साहिब, फतुहा, खुसरूपुर, बख्तियारपुर, हरनौत, बिहारशरीफ और नालंदा जैसे स्टेशनों पर ठहराव करेगी. वापसी में भी यही स्टॉपेज रहेंगे, जिससे रास्ते में आने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलेगा.

राजगीर एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं. इस नई ट्रेन सेवा से न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है.

Also Read: बिहार के इस रेलखंड पर 40 साल बाद फिर दौड़ेगी ट्रेन, 111 करोड़ की लागत से बनेगी 36.4 किमी रेल लाइन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >