Ration Card Bihar: बिहार के राशन कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर है. बिहार सरकार ने राज्यभर में राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है. लक्ष्य साफ है, 13 अगस्त तक 11 लाख से अधिक नए राशन कार्ड तैयार करना और 15 अगस्त तक पात्र परिवारों को उनका नया राशन कार्ड उपलब्ध कराना.
विभाग के सचिव ने दिया ये आदेश
इसी लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है. विभाग के विशेष सचिव उपेंद्र कुमार ने राज्य के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर काम की समीक्षा की. बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जितने भी आवेदन अब तक मिले हैं, उन्हें बिना देरी ऑनलाइन दर्ज किया जाए और सभी आवेदनों का वेरिफिकेशन तय समय के अंदर पूरा किया जाए.
हर रोज बन रहे इतने राशन कार्ड
उन्होंने यह भी आदेश दिया कि अगर पोर्टल पर लॉग इन या तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, तो उनका तत्काल समाधान किया जाए ताकि किसी भी पात्र परिवार का आवेदन लंबित न रहे. मिली जानकारी के अनुसार, हर रोज लगभग 36 हजार नए राशन कार्ड तैयार किए जा रहे हैं. विभाग का मानना है कि इसी रफ्तार से काम जारी रहा तो तय समय सीमा के अंदर लाखों परिवारों को नए राशन कार्ड मिल जाएंगे.
राशन कार्ड के लिए इन डॉक्युमेंट्स की जरुरत
अगर आपने अभी तक आवेदन नहीं किया है, तो जरूरी डॉक्युमेंट्स पहले से तैयार रखें. आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और परिवार का सामूहिक फोटो अनिवार्य है. आवेदन स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है. इसके अलावा पंचायत स्तर पर लगाए जा रहे विशेष शिविरों में भी आवेदन जमा करने की सुविधा उपलब्ध है, ताकि ग्रामीण इलाकों के लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
इन जिलों में तेजी से हो रहा काम
काम की प्रगति की समीक्षा में यह भी सामने आया कि दरभंगा सदर, अररिया, सहरसा सदर, नवादा सदर, बिरौल और गया सदर अनुमंडलों में ऑनलाइन एंट्री और वेरिफिकेशन का काम बेहतर स्पीड से चल रहा है. जबकि मुंगेर, दानापुर और पूर्णिया सदर के अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं. सरकार ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया है.
