Namibia vs Zimbabwe: ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 5 विकेट से हरा दिया. नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 156 रन बनाए थे. इसके जवाब में जिम्बाब्वे ने इनोसेंट कैया की आक्रामक पारी के दम पर 18.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
इनोसेंट कैया ने खेली शानदार पारी
157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी रही. इनोसेंट कैया ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. उन्होंने महज 42 गेंदों में 72 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी.
कैया के अलावा सिकंदर रजा ने भी 29 रन की उपयोगी पारी खेली. दोनों बल्लेबाजों ने जिम्बाब्वे के रन चेज को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
हालांकि, मुकाबले के अंतिम चरण में नामीबिया के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए जिम्बाब्वे के 5 विकेट गिरा दिए. 17 ओवर के बाद जिम्बाब्वे के 5 विकेट गिर चुके थे, लेकिन टीम को जीत के लिए सिर्फ 18 गेंदों में 10 रन की जरूरत थी. इसके बाद जिम्बाब्वे ने बिना किसी बड़ी परेशानी के लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया. शानदार प्रदर्शन के लिए इनोसेंट कैया को मैन आफ द मैच का अवार्ड मिला.
ये भी पढ़ें: IPL 2027: हार्दिक पांड्या की KKR डील में आया बड़ा ट्विस्ट, KL राहुल की एंट्री से बदल गया पूरा समीकरण?
गेरहार्ड इरास्मस ने संभाली नामीबिया की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 25 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. जेन फ्रीलिंक 8 रन, लॉरेन स्टीनकम्प 14 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
मुश्किल स्थिति में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस और अलेक्जेंडर वोल्केन ने पारी को संभाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 63 गेंदों में 83 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. वोल्केन ने 31 गेंदों में 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाए.
दूसरे छोर पर इरास्मस ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने 48 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 88 रन बनाए. उनकी पारी के दम पर नामीबिया 20 ओवर में 6 विकेट पर 156 रन तक पहुंचने में सफल रहा.
नामीबिया के लिए करो या मरो का मुकाबला
जिम्बाब्वे के खिलाफ मिली हार के बाद नामीबिया के लिए ट्राई सीरीज का अगला मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण हो गया है. अब टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना आखिरी मुकाबला खेलना है. नामीबिया के पास अभी भी क्वालिफाई करने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज करने के साथ-साथ अपने नेट रन रेट पर भी नजर रखनी होगी.
नामीबिया पहले ही दक्षिण अफ्रीका को इस सीरीज में हरा चुका है. ऐसे में उसे कमजोर टीम मानना सही नहीं होगा. अगर नामीबिया अपने आखिरी मुकाबले में एक और शानदार प्रदर्शन करता है, तो वह सीरीज में अपनी स्थिति मजबूत कर सकता है.
ये भी पढ़ें: Video: BCCI सेंटर से बाहर निकलते नजर आए हार्दिक पांड्या, 12 करोड़ की Ferrari ने खींचा फैंस का ध्यान
