Womens T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डेनियल व्याट हॉज ने इतिहास रच दिया. 35 वर्षीय व्याट ने धमाकेदार शतकीय पारी खेलते हुए 62 गेंदों में 13 चौके और 1 छक्के की मदद से शानदार शतक जड़ा. इस यादगार पारी के साथ ही वह महिला टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाली दुनिया की 7वीं और इंग्लैंड की दूसरी बल्लेबाज बन गई हैं.
शतक जड़कर मनाया ‘बेबी रॉक’ जश्न
महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही मैच में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डेनियल व्याट हॉज ने न सिर्फ बल्ले से इतिहास रचा, बल्कि अपने खास सेलिब्रेशन से करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया. मैच के आखिरी ओवर में चौका जड़कर अपना शानदार शतक पूरा करने के बाद व्याट ने मैदान पर एक बेहद भावुक पल साझा किया. शतक पूरा होते ही व्याट ने अपने बल्ले को दोनों हाथों में इस तरह पकड़ा जैसे कोई बच्चे को गोद में संभालता है, और फिर उसे धीरे-धीरे हिलाते हुए ‘बेबी रॉक’ सेलिब्रेशन किया. दरअसल, यह जश्न उनकी नवजात बेटी के लिए था, जिसका जन्म पिछले महीने 20 मई को हुआ है.
लेस्बियन है डेनियल व्याट
डेनियल व्याट लेस्बियन हैं. उन्होंने साल 2024 में अपनी पार्टनर जॉर्जी वायट-हॉज से शादी की थी. पिछले महीने ही जॉर्जी ने उनकी बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम इस कपल ने ‘डेजी जेम्स व्याट हॉज’ रखा है. अपनी नन्ही परी के जन्म के बाद पहला बड़ा टूर्नामेंट खेल रहीं व्याट का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
डेनियल ने तोड़ा चमारी अटापट्टू का रिकॉर्ड
महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही मैच में इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डेनियल व्याट हॉज ने इतिहास की किताबों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों से दर्ज करा लिया है. 35 साल और 52 दिन की उम्र में शतक जड़कर वह महिला टी20 इंटरनेशनल में सेंचुरी लगाने वाली आईसीसी की फुल-मेंबर टीमों की सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गई हैं. इस मामले में उन्होंने श्रीलंका की दिग्गज कप्तान चमारी अटापट्टू का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. जिन्होंने साल 2024 में 34 साल 164 दिन की उम्र में शतक लगाया था.
इंग्लैंड क्रिकेट इतिहास में भी रचा इतिहास
व्याट के बल्ले से निकला यह तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक है. इस फॉर्मेट में वह इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज हैं. इंग्लैंड के लिए उनके अलावा सिर्फ टैमी ब्यूमोंट और कप्तान हीथर नाइट ही शतक लगा सकी हैं, और इन दोनों के नाम इस फॉर्मेट में 1-1 शतक दर्ज हैं.
मेजबान इंग्लैंड का धमाकेदार आगाज
मेजबान इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 87 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है. एजबेस्टन के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए इस एकतरफा मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 220 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था. पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम इंग्लिश गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 132 रनों पर ही सिमट गई. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में अपने सफर की जोरदार शुरुआत की है.
इसे भी पढ़े- एमएलसी 2026: डेटा और अश्विन के साथ यूनिकॉर्न्स का खिताबी सपना
