VVS Laxman: भारतीय क्रिकेट में खिलाड़ियों की लगातार चोटों के बीच BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने चोटों के प्रबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है. लक्ष्मण ने साफ किया कि बेंगलुरु स्थित CoE की भूमिका सिर्फ चोटिल खिलाड़ियों को फिट करने तक सीमित नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस और चोटों की रोकथाम के लिए बेहतर मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार करना भी इसकी अहम जिम्मेदारी है.
चोट लगना खेल का हिस्सा
बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लक्ष्मण ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के करियर में चोट लगना खेल का हिस्सा है. ऐसे में चोट लगने पर किसी व्यक्ति या विभाग को जिम्मेदार ठहराने के बजाय निगरानी और प्रबंधन की प्रक्रिया को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए.
लक्ष्मण ने कहा, 'सीओई सिर्फ रिहैब सेंटर नहीं है. BCCI ने इसे इससे कहीं बड़ी जिम्मेदारी और भूमिका दी है. चोटें किसी भी खिलाड़ी के करियर का हिस्सा हैं, इसलिए मॉनिटरिंग सिस्टम बेहद महत्वपूर्ण है.'
इंजरी मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा
सीओई के चोट प्रबंधन कार्यक्रम को लेकर उठ रहे सवालों के बीच BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने संडे को लक्ष्मण से मुलाकात कर रिहैब और इंजरी मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा की. बैठक के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
5 उम्मीदवारों को किया गया था शॉर्टलिस्ट
लक्ष्मण ने सीओई में हेड ऑफ स्पोटर्स साइंस एंड मेडिसिन (SSM) का पद खाली होने पर भी स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि BCCI ने इस पद के लिए पांच उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया था, लेकिन कई उम्मीदवारों के पीछे हटने के कारण नियुक्ति नहीं हो सकी.
कार्यशैली को समझना जरूरी
उनके मुताबिक इस पद के लिए सिर्फ अनुभव और प्रतिष्ठा ही काफी नहीं है, बल्कि भारतीय क्रिकेटरों की जरूरतों और उनकी कार्यशैली को समझना भी जरूरी है. फिलहाल Head of SSM की अनुपस्थिति में सीओई के अलग-अलग वर्टिकल के प्रमुख अतिरिक्त जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं.
रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे कई प्लेयर्स
चोटो के कारण फील्ड से बाहर रहने वाले क्रिकेटर्स की बात करें तो जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और नितीश कुमार रेड्डी सीओई में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं. वहीं हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और प्रिंस यादव जैसे व्हाइट-बॉल विशेषज्ञों की फिटनेस पर भी सीओई काम कर रहा है.
Also Read: बसंत मेघवाल ने हाई जंप में जीता सिल्वर, U20 चैंपियनशिप में देश को मिला दूसरा पदक
