Virat Kohli Fight: सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 का 67वां मैच बेहद रोमांचक रहा. इस मुकाबले में सिर्फ चौके-छक्के ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों का गुस्सा भी देखने को मिला. मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे मैदान का माहौल गरमा गया. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है.
थ्रो और विकेट के जश्न ने बढ़ाया मैदान का पारा
256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही आरसीबी की पारी के चौथे ओवर में यह विवाद शुरू हुआ. स्पिनर शिवांग कुमार के ओवर में ट्रेविस हेड का एक थ्रो विराट कोहली के बेहद करीब से गुजरा. जिससे कोहली नाराज हो गए और दोनों में बहस छिड़ गई. अगले ओवर में वेंकटेश अय्यर के आउट होने के बाद हेड ने फिर कोहली पर कोई टिप्पणी की, जिसका विराट ने कड़ा जवाब दिया. माना जा रहा है कि यह दोनों के बीच पहली पारी का हिसाब था, जहां कोहली ने हेड के आउट होने पर जोरदार जश्न मनाया था.
बल्लेबाजी में कैसा रहा दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन
मैदान पर हुई तीखी बहस के अलावा, बल्लेबाजी के मामले में यह मैच दोनों ही खिलाड़ियों के लिए कुछ खास नहीं रहा. 256 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी आरसीबी के लिए विराट कोहली सिर्फ 11 गेंद में सिर्फ 15 रन ही बना सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए. दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद के ट्रेविस हेड भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. लेकिन उन्होंने 16 गेंदों पर 26 रनों की तेज पारी खेलकर अपनी टीम को एक शानदार शुरुआत दी. जिसकी बदौलत हैदराबाद ने बोर्ड पर 255 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
यह भी पढ़े- आज पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ का इम्तिहान, लखनऊ के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार
