Vaibhav Suryavanshi Wimbledon: भारत के उभरते क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट मैदान से अलग एक नया अंदाज दिखाते हुए विंबलडन 2026 के पुरुष एकल फाइनल के दौरान लंदन के प्रतिष्ठित सेंटर कोर्ट (SW19) में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. महज 15 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज समाप्त होने के बाद भारतीय क्रिकेटरों युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के साथ फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे.
ब्लैक सूट और सनग्लासेस में दिखा शानदार लुक
मैदान पर क्रिकेट किट में नजर आने वाले वैभव इस बार पूरी तरह अलग अंदाज में दिखाई दिए. उन्होंने टेलर्ड ब्लैक सूट और स्टाइलिश सनग्लासेस पहनकर अपनी फैशन सेंस से सभी का ध्यान खींचा. सोशल मीडिया पर भी उनके इस नए लुक की काफी चर्चा हुई. जब उनकी ड्रेसिंग की तारीफ की गई तो वैभव ने मुस्कुराते हुए बताया कि यह लुक पूरी तरह आखिरी समय में तैयार हुआ था. उन्होंने कहा, "जल्दी-जल्दी में जो मिला, मैंने अभिषेक भैया से बोलकर अरेंज करवाया और फिर वही पहनकर आ गया." उनकी यह सादगी और ईमानदारी फैंस को काफी पसंद आई.
अभिषेक शर्मा ने निभाई स्टाइलिस्ट की भूमिका
वैभव ने खुलासा किया कि औपचारिक ड्रेस की व्यवस्था करने में उनके वरिष्ठ साथी अभिषेक शर्मा ने मदद की. कम समय होने के बावजूद अभिषेक ने उनके लिए सूट का इंतजाम कराया, जिसके बाद युवा बल्लेबाज सेंटर कोर्ट पर शानदार अंदाज में नजर आए.
पहली बार लाइव देखा विंबलडन
वैभव सूर्यवंशी के लिए यह अनुभव बेहद खास रहा क्योंकि उन्होंने पहली बार दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट विंबलडन का फाइनल स्टेडियम में बैठकर देखा. उन्होंने कहा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को इतने बड़े मंच पर खेलते देखना उनके लिए सीखने का बड़ा अवसर है. उनका मानना है कि अलग-अलग खेलों के महान खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखा जा सकता है, खासकर दबाव में प्रदर्शन करने की कला.
बचपन से करते हैं टेनिस फॉलो
वैभव ने बताया कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से टेनिस को नियमित रूप से फॉलो कर रहे हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी सबसे बड़ी पसंद राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच रहे हैं. उन्होंने कहा, "मैं पिछले चार-पांच साल से फॉलो कर रहा हूं. मैंने नडाल और जोकोविच को देखा है. अभी मैं जोकोविच को लेकर बहुत खुश हूं. मैं सबसे ज्यादा इन्हीं दो खिलाड़ियों को फॉलो करता हूं."
कार्लोस अल्कारेज़ की भी की तारीफ
वैभव ने आधुनिक टेनिस स्टार कार्लोस अल्कारेज़ के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की. हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी अब भी नडाल और जोकोविच ही हैं. उन्होंने फाइनल मुकाबले को लेकर भी काफी उत्साह जताया और कहा कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को एक-दूसरे के खिलाफ खेलते देखना उनके लिए यादगार अनुभव है.
क्रिकेट के साथ दूसरे खेलों से भी ले रहे हैं सीख
महज 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय माहौल का अनुभव कर रहे वैभव सूर्यवंशी का मानना है कि दूसरे खेलों के शीर्ष खिलाड़ियों को करीब से देखना उनके क्रिकेट करियर के लिए भी फायदेमंद रहेगा. बड़े मुकाबलों का दबाव, मानसिक मजबूती और प्रोफेशनल रवैया हर खिलाड़ी के लिए सीखने योग्य होता है.
फैंस को पसंद आया वैभव का नया अंदाज
विंबलडन के सेंटर कोर्ट से सामने आई वैभव सूर्यवंशी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. क्रिकेट प्रशंसकों ने उनके नए लुक की जमकर तारीफ की, जबकि कई लोगों ने उनकी सादगी और विनम्रता की भी सराहना की.
इसे भी पढ़े- लॉर्ड्स में यास्तिका भाटिया ने रचा इतिहास, टेस्ट शतक जड़ने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं
