इंग्लैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का जलवा, 168 के स्ट्राइक रेट से बरपा रहे हैं कहर

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं. 15 साल की उम्र में 168 के स्ट्राइक रेट से आक्रामक बल्लेबाजी कर उन्होंने सभी का ध्यान खींचा है. देखें कैसे वे इंग्लैंड के खिलाफ निडर होकर खेल रहे हैं.

Vaibhav Suryavanshi: वैभव ने अपने पहले तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में केवल 25 गेंदों पर 42 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 168 का रहा है, जो बताता है कि वह शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाने में विश्वास रखते हैं. इस दौरान उनके बल्ले से पांच छक्के और एक चौका निकला है.

आईपीएल की फॉर्म को इंटरनेशनल क्रिकेट में भी रखा बरकरार

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले वैभव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी शैली में कोई बदलाव नहीं किया. इंग्लैंड जैसे मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने भी उन्होंने पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलने की कोशिश की. हालांकि तीनों पारियों में उन्हें अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन वह उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके. इसके बावजूद उनकी बल्लेबाजी ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि भारतीय टीम को भविष्य का एक आक्रामक सलामी बल्लेबाज मिल सकता है.

">

डेब्यू के बाद भी नहीं बदला खेलने का तरीका

वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया. पहले मैच में जल्दी आउट होने के बाद भी उन्होंने अपने खेल में कोई बदलाव नहीं किया. तीसरे और चौथे टी20 में भी युवा बल्लेबाज ने खुलकर बल्लेबाजी की और हर गेंदबाज पर हमला बोलने का प्रयास किया. यही निडर रवैया उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है.

जोफ्रा आर्चर ने दो बार किया शिकार

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पिछले दो मुकाबलों में वैभव सूर्यवंशी की कमजोरी का फायदा उठाया. आर्चर ने लगातार दो मैचों में उन्हें आउट किया, जिसमें एक बार विकेटकीपर के हाथों कैच भी कराया. वहीं, अपने डेब्यू मैच में वैभव स्पिनर विल जैक्स की गेंद पर स्टंप आउट हुए थे. हालांकि इन शुरुआती असफलताओं के बावजूद उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की सोच नहीं बदली.

आखिरी मुकाबले में बड़ी पारी पर रहेंगी नजरें

सीरीज का एक मुकाबला अभी बाकी है और भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि वैभव सूर्यवंशी इस बार अपनी शानदार शुरुआत को बड़ी पारी में बदलेंगे. अब तक उन्होंने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ बल्लेबाजी की है, उसने साफ कर दिया है कि वह दबाव में खेलने से नहीं घबराते. यदि युवा बल्लेबाज इसी अंदाज में खेलते रहे और अपनी शुरुआत को लंबे समय तक क्रीज पर टिककर भुना सके, तो भारत को जल्द ही टी20 क्रिकेट में एक ऐसा ओपनर मिल सकता है जो मैच का रुख कुछ ही ओवरों में बदलने की क्षमता रखता हो.

वैभव सूर्यवंशी: सीरीज में अब तक का प्रदर्शन

मैचस्थानरनगेंदचौकेछक्के
दूसरा टी20मैनचेस्टर141002
तीसरा टी20नॉटिंघम13502
चौथा टी20ब्रिस्टल151011
कुल422515

इसे भी पढ़े- Jasprit Bumrah: क्या बुमराह के बिना 'बेबस' है टीम इंडिया? इंग्लैंड में खुली तेज गेंदबाजी की पोल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >