Thailand Football Match: मैदान पर बिजली गिरने से खिलाड़ी की मौत, वीडियो वायरल

थाईलैंड में फुटबॉल मैच के दौरान दुखद घटना. मैदान पर बिजली गिरने से 24 वर्षीय खिलाड़ी की मौत, कई घायल. वायरल वीडियो ने उठाए सवाल.

Thailand Lightning Football Incident: थाईलैंड के दक्षिणी हिस्से में खेले जा रहे एक स्थानीय फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया. भारी बारिश के बीच जारी मैच के दौरान अचानक मैदान पर बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 24 वर्षीय फुटबॉलर सोफवान अवाए (Sofwan Awae) की मौत हो गई. इस घटना में करीब एक दर्जन अन्य खिलाड़ी भी घायल बताए जा रहे हैं. हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग स्तब्ध हैं.

मैच के दौरान अचानक गिरी बिजली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैच के दौरान लगातार तेज बारिश हो रही थी, लेकिन खेल जारी रखा गया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि खिलाड़ी मैदान में खेल रहे थे, तभी अचानक आसमान से तेज बिजली गिरी. बिजली सीधे मैदान के उस हिस्से में गिरी जहां खिलाड़ी मौजूद थे. इसकी चपेट में आने के बाद सोफवान अवाए जमीन पर गिर पड़े और फिर उठ नहीं सके. घटना के तुरंत बाद मैदान पर अफरा-तफरी मच गई. साथी खिलाड़ी और मौजूद लोग उनकी ओर दौड़े और प्राथमिक सहायता देने की कोशिश की। इसके बाद इमरजेंसी मेडिकल टीम को बुलाया गया.

डॉक्टरों की कोशिश भी नहीं बचा सकी जान

मलेशिया की समाचार एजेंसी बरनामा के अनुसार, स्थानीय पुलिस प्रमुख थुन सिरिखुंट ने बताया कि इमरजेंसी मेडिकल टीम ने घायल खिलाड़ी को बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन बिजली गिरने से लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि

मेडिकल टीम ने मौके पर तत्काल उपचार शुरू किया था, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि खिलाड़ी की जान नहीं बचाई जा सकी.

स्थानीय FA कप टूर्नामेंट में खेल रहे थे सोफवान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मुकाबला स्थानीय FA कप टूर्नामेंट का हिस्सा था. इस प्रतियोगिता में एमेच्योर क्लबों के साथ थाई और मलेशियाई टीमें भी हिस्सा लेती हैं. सोफवान अवाए इस टूर्नामेंट में SAMCOLTS टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. उनकी अचानक हुई मौत से टीम के खिलाड़ियों, आयोजकों और स्थानीय खेल समुदाय में शोक की लहर है.

इसे भी पढ़े- IPL 2027: क्या हार्दिक पांड्या KKR के नए कप्तान बनेंगे? जानें पूरी सच्चाई

वीडियो वायरल होने के बाद उठे बड़े सवाल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने टूर्नामेंट आयोजकों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. कई लोगों का कहना है कि जब तेज बारिश और खराब मौसम पहले से था, तब मैच को तुरंत रोक देना चाहिए था. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स का मानना है कि यदि मौसम को देखते हुए खेल स्थगित कर दिया जाता, तो शायद इस दुखद हादसे को टाला जा सकता था.

थाईलैंड में बिजली गिरने से मौत के मामले चिंता का विषय

रिपोर्ट्स के अनुसार, थाईलैंड में हर साल बिजली गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. देश के डिपार्टमेंट ऑफ डिजीज कंट्रोल के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच बिजली गिरने के कारण 283 लोगों की मौत दर्ज की गई. एक्सपर्ट्स का मानना है कि गरज-चमक और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, विशेषकर खेल मैदानों में गतिविधियां तुरंत रोक देनी चाहिए. ऐसे मौसम में खिलाड़ियों और दर्शकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों का हिस्सा माना जाता है.

इसे भी पढ़े- 600वां टेस्ट मैच खेलेगा भारत, इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया के खास क्लब में होगी एंट्री


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >