Suryakumar Yadav training video: भारतीय टी20 टीम से बाहर चल रहे स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपनी वापसी के लिए तैयारी शुरू कर दी है. उन्होंने हाल ही में मुंबई में कड़ी ट्रेनिंग की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किए. सूर्यकुमार यादव को भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली थी. अब वह अपनी फिटनेस और खेल को बेहतर बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं. उनका यह अपडेट उस समय आया है, जब भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की है. इस सीरीज में टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे थे.
मुंबई में तीन घंटे तक बल्लेबाजी
35 वर्षीय सूर्यकुमार यादव ने मुंबई स्थित वासू परांजपे क्रिकेट अकादमी में जमकर अभ्यास किया. उन्होंने बल्लेबाजी ड्रिल्स, रनिंग और फिटनेस एक्सरसाइज के वीडियो साझा किए.
अपनी मेहनत के बारे में जानकारी देते हुए सूर्यकुमार ने लिखा, "रविवार मजेदार रहा. थोड़ी तेज दौड़ लगाई. 3 घंटे में करीब 1000 गेंदों का सामना किया. अच्छा महसूस हो रहा है."
उनके इस पोस्ट के बाद फैंस ने इसे भारतीय टीम में वापसी के लिए उनकी तैयारी के संकेत के रूप में देखा. सूर्यकुमार का संदेश साफ है कि वह अभी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं और अपनी फिटनेस व बल्लेबाजी को मजबूत करने में जुटे हैं.
वर्ल्ड कप जिताने के बाद भी टीम से बाहर
सूर्यकुमार यादव ने 2026 आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में भारत की कप्तानी की थी और टीम को खिताब दिलाया था. इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए टी20 टीम में बदलाव का फैसला किया. टी20 टीम की कप्तानी अब श्रेयस अय्यर को सौंप दी गई है. सूर्यकुमार को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के लिए भी टीम में शामिल नहीं किया गया. मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर ने टीम चयन के दौरान कहा था कि सूर्यकुमार को बाहर रखना आसान फैसला नहीं था, क्योंकि उन्होंने हाल ही में वर्ल्ड कप जिताया था. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि आमतौर पर हर वर्ल्ड कप के बाद टीम के भविष्य को देखते हुए नए सिरे से रणनीति बनाई जाती है. चयनकर्ताओं की नजर अब अगले टी20 वर्ल्ड कप चक्र और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक को ध्यान में रखकर टीम तैयार करने पर है.
खराब फॉर्म बनी परेशानी की वजह
सूर्यकुमार यादव का हालिया प्रदर्शन चयनकर्ताओं के फैसले में बड़ी वजह माना जा रहा है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने 30.25 की औसत और 136.72 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे. इसके बाद आईपीएल 2026 में उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. उन्होंने 13 मैचों में 270 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 20.76 रहा. पिछले एक साल में 33 टी20 पारियों में सूर्यकुमार का औसत 26 रहा, जिसके कारण चयनकर्ताओं ने टीम में नए विकल्पों को मौका देने का फैसला किया.
कप्तान के रूप में शानदार रिकॉर्ड
भले ही सूर्यकुमार यादव फिलहाल टीम से बाहर हैं, लेकिन कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने भारत की टी20 टीम की 52 मैचों में कप्तानी की, जिसमें टीम ने 40 मुकाबलों में जीत हासिल की. उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 एशिया कप जीता, ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज अपने नाम की और टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भी हासिल किया.
टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार का दबदबा
सूर्यकुमार यादव भारत के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं. उन्होंने अब तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3272 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 रहा है. उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चार शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं.
वापसी के लिए तैयार पूर्व कप्तान
सूर्यकुमार यादव का ताजा ट्रेनिंग वीडियो यह संकेत देता है कि वह हार मानने वाले नहीं हैं. टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने आलोचनाओं का जवाब मैदान पर मेहनत से देने का रास्ता चुना है. अब उनकी नजर भारतीय टीम में दोबारा जगह बनाने पर है. अगर वह घरेलू और आईपीएल स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो चयनकर्ताओं के सामने उन्हें नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा.
इसे भी पढ़े- श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया की बढ़ी मुश्किलें, सुंदर आउट; बुमराह समेत कई खिलाड़ियों की फिटनेस बनी चिंता
