Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के करियर का सबसे कठिन दौर थमता नजर नहीं आ रहा है. इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले दो साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्या अब लोकल टी20 लीग्स में भी संघर्ष कर रहे हैं. आईपीएल 2026 में पूरी तरह नाकाम रहने के बाद, सबकी नजरें मुंबई टी20 लीग में उनकी वापसी पर थीं। लेकिन इस टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में वे सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हो गए.
सूर्या महज 19 बनाकर हुए आउट
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की टी20 लीग के नए सीजन में सूर्यकुमार यादव इस बार ‘ट्रायंफ्स नाइट्स MNE’ की जर्सी में नजर आ रहे हैं. मंगलवार, 2 जून को नाइट्स का सामना अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली ‘नॉर्थ मुंबई पैंथर्स’ से था. पैंथर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में उतरी नाइट्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने महज 20 रनों पर ही कप्तान अखिल हेरवाडकर समेत अपने 2 विकेट गंवा दिए. ऐसे समय सूर्यकुमार यादव के पास टीम को संभालने का अच्छा मौका था और आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले अपनी फॉर्म साबित करने का शानदार अवसर भी था. वहीं, सूर्या ने आते ही तेजी से रन बटोरे और 4 चौके भी जड़े, लेकिन यह आतिशबाजी सिर्फ 11 गेंदों तक ही सीमित रही. लेकिन वे 19 रन के स्कोर पर राहुल सावंत का शिकार बने.
IPL 2026 में भी रहे फ्लॉप
इस निराशाजनक प्रदर्शन ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की वापसी की राह और मुश्किल हो गई है. सच यह है कि भले ही सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता हो, लेकिन पिछले दो सालों से उनके बल्ले से रन न बनना टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द बना हुआ है. हालांकि, कुछ जानकारों का मानना था कि शायद कप्तानी के अतिरिक्त दबाव की वजह से उनका नेचुरल गेम प्रभावित हुआ है, लेकिन आईपीएल 2026 के आंकड़े इस दलील को पूरी तरह नकार दिया हैं. आईपीएल में बतौर खिलाड़ी मुंबई के लिए हमेशा रनों का अंबार लगाने वाले सूर्या इस सीजन में पूरी तरह बेअसर दिखे. उन्होंने 13 पारियों में महज़ 20.76 की औसत से सिर्फ 270 रन बनाए, जिसमें केवल 2 अर्धशतक शामिल रहे. साफ है कि समस्या कप्तानी के दबाव की नहीं, बल्कि फॉर्म की है.
अनकैप्ड स्पिनर से आउट हुए सूर्या
आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार फ्लॉप रहने के बाद मुंबई टी20 लीग में भी यह सिलसिला जारी है. ऐसे में पहले ही मैच में सूर्या का इस तरह आउट होना भारतीय क्रिकेट के लिए कहीं ज्यादा गहरी चिंता का विषय है. सूर्यकुमार यादव के पास अंतरराष्ट्रीय मंच और आईपीएल का एक दशक लंबा अनुभव है. जबकि उन्हें आउट करने वाले राहुल सावंत ने अब तक आईपीएल का एक भी मैच नहीं खेला है. इससे भी ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि राहुल सावंत एक बाएं हाथ के स्पिनर हैं. भारतीय मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव को हमेशा से स्पिन गेंदबाजी का सबसे खतरनाक और बेहतरीन बल्लेबाज माना जाता रहा है. ऐसे में, यदि वे एक अनकैप्ड और अनजान घरेलू स्पिनर के सामने इस तरह घुटने टेक रहे हैं, तो यह साफ संकेत है कि उनकी बल्लेबाजी तकनीक और आत्मविश्वास में इस वक्त बड़ी गिरावट आई है.
यह भी पढ़े- प्रज्ञानंद ने नॉर्वे चेस में रचा इतिहास, मैग्नस कार्लसन को क्लासिकल चेस में चटाई धूल
