इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत लगातार दूसरी टी20 सीरीज हार चुका है, जिसके बाद फैंस पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को याद कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर छाए सूर्यकुमार यादव
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी के दिनों को याद करते हुए मजेदार मीम्स शेयर किए. इनमें सबसे ज्यादा वायरल लाइन रही, "एक था जो च्युइंग गम चबाते-चबाते बाइलैटरल और वर्ल्ड कप जीता देता था". यह इशारा सूर्यकुमार की उस पहचान की ओर था, जब वह मैच के दौरान अक्सर च्युइंग गम चबाते नजर आते थे.
सूर्या के रिकॉर्ड की हो रही चर्चा
फैंस का कहना है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया था. 2023 से 2026 के बीच उनकी अगुआई में भारत ने 52 में से 44 मुकाबले जीते थे और कोई भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं गंवाई थी. इसी वजह से मौजूदा खराब दौर में सोशल मीडिया पर उनकी कप्तानी की तुलना बार-बार की जा रही है.
श्रेयस अय्यर को अब भी पहली जीत का इंतजार
सूर्यकुमार की जगह कप्तानी संभालने वाले श्रेयस अय्यर अब तक छह मैचों में टीम का नेतृत्व कर चुके हैं. इनमें भारत को पांच हार मिली हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ. अय्यर अभी तक बतौर टी20 कप्तान अपनी पहली जीत दर्ज नहीं कर सके हैं.
संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी पर भी बहस
टीम चयन को लेकर भी सोशल मीडिया पर बहस जारी है. टी20 विश्व कप 2026 के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट संजू सैमसन को बाहर कर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के फैसले को लेकर फैंस की राय अलग-अलग है. कुछ लोग इसे भविष्य की तैयारी बता रहे है, जबकि कुछ लोग इसे जल्दबबाजी वाला फैसला मान रहे हैं.
साउथम्प्टन में सम्मान बचाने उतरेगा भारत
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला 11 जुलाई को साउथम्प्टन में खेला जाएगा. सीरीज गंवा चुकी भारतीय टीम इस मैच को जीतकर दौरे के टी20 चरण का अंत सकारात्मक तरीके से करना चाहेगी.
ये भी पढ़ें: आयरलैंड-इंग्लैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद BCCI एक्शन में, ODI सीरीज खत्म होते ही लगेगी गंभीर-अय्यर की क्लास
