DRS ने बचाया स्मिथ का विकेट, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा- मैं भाग्यशाली था, तकनीक ने मुझे बचा लिया

डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को तब बड़ा झटका लगता अगर अंपायर स्टीव स्मिथ के कैच आउट को DRS में बरकरार रखते. स्मिथ ने इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए 71 रन बनाए.

Aus vs Ban Test Series: गुरुवार को डार्विन में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को DRS ने जीवनदान दे दिया. स्मिथ ने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए 71 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और मुश्किल परिस्थितियों में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा स्कोर बनाया. हालांकि पूरी टीम के बाकी प्लेयर्स का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा और पूरी ऑस्ट्रेलिया की टीम महज 198 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई.

नॉट आउट का फैसला बरकरार रहा

दरअसल, स्मिथ जब सात रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज इबादत हुसैन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच की अपील हुई. मैदानी अंपायर कुमार धर्मसेना ने अपील को खारिज कर दिया. इसके बाद बांग्लादेश ने DRS का सहारा लिया, लेकिन रिव्यू में गेंद के बल्ले से लगने का कोई निर्णायक सबूत नहीं मिला. ऐसे में अंपायर का नॉट आउट फैसला बरकरार रहा.

स्मिथ को भी लगा गेंद बल्ले से लगी

दिन का खेल खत्म होने के बाद स्मिथ ने खुद स्वीकार किया कि उन्हें लगा था कि गेंद उनके बल्ले से लगी है. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि शायद मैं भाग्यशाली था. कभी-कभी आपको ऐसे मौके मिल जाते हैं.' DRS पर भरोसे से जुड़े सवाल पर स्मिथ ने कहा कि आमतौर पर तकनीक काफी अच्छी होती है, लेकिन उन्हें निश्चित तौर पर कुछ महसूस हुआ था. उन्होंने बताया कि अगर उन्हें आउट दिया जाता तो वह बिना किसी शिकायत के मैदान से बाहर चले जाते. स्मिथ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस बार तकनीक ने उन्हें बचा लिया.

Also Read: पिता के निधन के बाद फिर से मैदान पर लौटे मेसी, हार के साथ बाहर हुई उनकी टीम

जीवनदान की बदौलत खेली 71 रन की पारी

स्मिथ का यह जीवनदान ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहद अहम साबित हुआ. उन्होंने 109 गेंदों में 71 रन बनाकर टीम को मुश्किल स्थिति से उबारने की कोशिश की. हालांकि, बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके और पूरी टीम 53 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई. बांग्लादेश की ओर से हसन महमूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट झटके. इबादत हुसैन और तस्कीन अहमद को दो-दो सफलताएं मिलीं. ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्मिथ के बाद जेक वेदराल्ड 23 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.

बांग्लादेश ने बनाए 96 रन

जवाब में बांग्लादेश ने भी शानदार शुरुआत की. दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए थे. तंजीद हसन तमीम 32 और मोमिनुल हक 35 रन बनाकर नाबाद लौटे. बांग्लादेश अब ऑस्ट्रेलिया से 102 रन पीछे है और उसके नौ विकेट सुरक्षित हैं.

Also Read: बांग्लादेश दौरे को लेकर BCCI की नजर सरकार पर, टीम इंडिया की रवानगी पर सस्पेंस बरकरार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >