Aus vs Ban Test Series: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन मैदान पर उस समय माहौल गरमा गया, जब ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क और बांग्लादेश के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज के बीच तीखी बहस हो गई. यह विवाद मेहदी के सिंगल लेने के दौरान पिच के बीच से दौड़ने को लेकर हुआ. स्टार्क ने इस पर आपत्ति जताते हुए मेहदी से विकेट से हटने को कहा. मामला बढ़ता देख अंपायर को दोनों खिलाड़ियों के बीच आकर स्थिति शांत करनी पड़ी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दोनों के बीच हुई तीखी बहस
दरअसल, बांग्लादेश की पारी के दौरान मेहदी हसन मिराज सिंगल लेने के लिए दौड़े और उनका रास्ता पिच के बीच से होकर गुजरा. स्टार्क ने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की और मेहदी को पिच से हटने के लिए कहा. इसके बाद दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बातचीत हुई. हालांकि, अंपायर के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया और खेल आगे जारी रहा.
तंजीद ने जड़ा पहला शतक
इस मुकाबले में बांग्लादेश ने दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बना दिया. तंजीद हसन ने अपने करियर का पहला टेस्ट शतक जड़ते हुए 101 रन की शानदार पारी खेली. उनके शतक की बदौलत बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक 351/6 का स्कोर बना लिया और ऑस्ट्रेलिया पर 153 रन की बढ़त हासिल कर ली.
Also Read: श्रीलंका के खिलाफ खराब प्रदर्शन से चली जाएगी गौतम गंभीर की नौकरी? जानिए क्या है पूरा समीकरण
198 रन पर सिमटी ऑस्ट्रेलिया की पारी
इससे पहले पहले दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 198 रन पर सिमट गई थी. बांग्लादेश के हसन महमूद ने पहले दिन छह विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी. अब बांग्लादेश की नजर इस बढ़त को और मजबूत करने पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया वापसी की कोशिश करेगा.
Also Read: कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत का दबदबा, 35 पदकों के साथ जीता ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब
