Anjum Chopra on Smriti Mandhana: भारत ने महिला एशिया कप 2026 में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया, लेकिन मैच के बाद स्मृति मंधाना को लेकर अंजुम चोपड़ा की टिप्पणी चर्चा में आ गई. कमेंट्री के दौरान चोपड़ा ने 56 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के तीन विकेट जल्दी गिरने पर सवाल उठाए और बल्लेबाजों के आउट होने के तरीके को चिंता का विषय बताया. इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने मंधाना का बचाव किया.
अंजुम चोपड़ा ने क्या कहा?
भारत ने 56 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 29 रन तक शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना के विकेट गंवा दिए थे. इस पर अंजुम चोपड़ा ने कहा कि
छोटे लक्ष्य में तीन विकेट गिरना बड़ी चिंता नहीं है, लेकिन भारतीय बल्लेबाज किन गेंदों पर और किस तरह के शॉट खेलकर आउट हो रहे हैं, इस पर ध्यान देने की जरूरत है.
पहली गेंद पर मंधाना को मिला था जीवनदान
स्मृति मंधाना को पाकिस्तान के खिलाफ पहली ही गेंद पर जीवनदान मिला था. सदिया इकबाल की गेंद उनके बल्ले के बाहरी किनारे के बेहद करीब से निकली और आवाज भी आई. पाकिस्तान ने कैच की अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। मंधाना को खुद भी लगा था कि वह आउट हो गई हैं. हालांकि, वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सकीं. फातिमा सना ने उन्हें 11 गेंदों पर 9 रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर दिया.
फैंस ने मंधाना का रिकॉर्ड याद दिलाया
चोपड़ा की टिप्पणी के बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर मंधाना का बचाव किया. उनका कहना था कि पाकिस्तान के खिलाफ एक छोटी पारी से भारतीय ओपनर के हालिया प्रदर्शन को नहीं आंका जा सकता. इससे पहले हांगकांग के खिलाफ मंधाना ने सिर्फ 64 गेंदों पर 124 रन की शानदार पारी खेली थी. उन्होंने इस पारी में 14 चौके और 7 छक्के लगाए. इस प्रदर्शन के दौरान मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था.
पाकिस्तान 55 रन पर ढेर, भारत सेमीफाइनल में
पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई, जो उसका महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम स्कोर है. भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा ने दो विकेट चटकाए. भारत ने 56 रन का लक्ष्य 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ग्रुप ए में 6 अंकों के साथ टॉप पर रहा और बिना कोई मैच गंवाए सेमीफाइनल में पहुंच गया. भारत का नेट रन रेट +5.471 रहा.
