Shubman Gill: भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले अपनी तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी है. सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में हुए अभ्यास सत्र में गिल खास तौर पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक नजर आए. उन्होंने रवींद्र जडेजा, मानव सुथार और सारांश जैन की गेंदों का सामना किया और कई बार क्रीज से बाहर निकलकर बड़े शॉट लगाए.
स्पिनरों के खिलाफ दिखाया आक्रामक अंदाज
प्रैक्टिस के दौरान गिल ने ऑफ स्पिन के खिलाफ कवर के ऊपर से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया. उन्होंने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से भी शानदार शॉट लगाए. शुरुआत में कुछ गेंदों पर वह चूके जरूर, लेकिन जैसे-जैसे अभ्यास आगे बढ़ा, उनका फुटवर्क बेहतर होता गया और शॉट्स में भी सटीकता नजर आने लगी.
सारांश जैन के खिलाफ जमकर लगाए छक्के
दो बाएं हाथ के गेंदबाजों के सामने गिल थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी करते दिखे. हालांकि, सारांश जैन के खिलाफ उनका अंदाज बिल्कुल अलग था. गिल ने उन पर खुलकर हमला किया और कई छक्के भी लगाए. इससे साफ है कि वह स्पिन के खिलाफ अपनी आक्रामक रणनीति को लेकर काफी आत्मविश्वास में हैं.
इसे भी पढ़े- स्पेन पर पुर्तगाल की शानदार जीत, यूरोप क्वालिफायर 2027 में बनाई जगह
गाले में बल्ले से नहीं चला था गिल का जादू
भारत ने गाले में पहला टेस्ट 165 रन से बड़े अंतर से जीता था, लेकिन कप्तान गिल के लिए यह मुकाबला बल्ले से अच्छा नहीं रहा. उन्होंने पहली पारी में 16 और दूसरी पारी में सिर्फ 8 रन बनाए थे. श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने दोनों पारियों में गिल को अपना शिकार बनाया था.
बाएं हाथ के स्पिन के खिलाफ खास तैयारी
यही वजह है कि कोलंबो टेस्ट से पहले गिल बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ खास तैयारी करते नजर आ रहे हैं. टेस्ट क्रिकेट में वह बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ 11 बार आउट हो चुके हैं. हालांकि, ऑफ स्पिन और लेग स्पिन के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी बेहतर है. इन दोनों के खिलाफ उनका संयुक्त औसत करीब 61 का है, जबकि सभी तरह के स्पिनरों के खिलाफ उनका औसत करीब 48 है.
इसे भी पढ़े- मिचेल स्टार्क ने 22 गेंदों में लिए 5 विकेट, स्टेन और अश्विन को छोड़ा पीछे
तीसरे स्पिनर पर आखिरी फैसला
दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में तीसरे स्पिनर को लेकर फैसला पिच देखने के बाद होगा. गाले टेस्ट में रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने कुलदीप यादव की तुलना में ज्यादा प्रभाव छोड़ा था. वहीं, श्रीलंका की टीम में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण भारत का स्पिन कॉम्बिनेशन भी मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है. फिलहाल भारतीय प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव की संभावना कम ही नजर आ रही है.
