बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के पैतृक घर में आग लगाने की कोशिश की गई. पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात मगुरा जिले में हुई. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
स्थानीय मीडिया द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना रात करीब 9 बजे मगुरा शहर के केशब मोड़ इलाके में स्थित शाकिब के घर पर हुई. मगुरा सदर थाने के प्रभारी एमडी अब्दुल्ला अल मामून ने बताया कि कुछ उपद्रवियों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके, खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया और फिर पेट्रोल बम से घर में आग लगाने का प्रयास किया. पुलिस अधिकारी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस हमले के पीछे कौन लोग थे. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
शेख हसीना के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हुई घटना
यह घटना उस समय हुई, जब कुछ घंटे पहले ही शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ एक मीडिया कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. नई दिल्ली में फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शेख हसीना ने मीडिया को संबोधित किया था और शाकिब भी उसमें वर्चुअली मौजूद थे. घटना के बाद इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस घटना को शेख हसीना के कार्यक्रम से जोड़कर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. हमले के पीछे की वजह की जांच की जा रही है.
पूर्व सांसद भी रह चुके हैं शाकिब
शाकिब अल हसन बांग्लादेश के सबसे सफल क्रिकेटरों में गिने जाते हैं. वह मगुरा-1 सीट से सांसद भी रह चुके हैं. पिछले कुछ समय से वह क्रिकेट के साथ-साथ राजनीतिक कारणों से भी लगातार सुर्खियों में रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं.
2006 में शाकिब ने किया था डेब्यू
शाकिब अल हसन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 6 अगस्त 2006 को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले से की थी. अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 30 रन बनाए और एल्टन चिगुम्बुरा का विकेट हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. इसके बाद उन्होंने नवंबर 2006 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया, जहां 26 रन बनाने के साथ एक विकेट भी अपने नाम किया. वहीं, मई 2007 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करते हुए उन्होंने 27 रन बनाए.
शाकिब की सबसे यादगार पारी
शाकिब के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे यादगार पारियों में से एक 2019 वनडे विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ आई. 322 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने महज 99 गेंदों पर नाबाद 124 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. इस दौरान लिटन दास के साथ उनकी बेहतरीन साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. शाकिब की इस दमदार पारी की बदौलत बांग्लादेश ने 41.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 8.3 ओवर शेष रहते ऐतिहासिक जीत दर्ज की. यह पारी आज भी उनके करियर की सबसे बेहतरीन और यादगार पारियों में गिनी जाती है.
ये भी पढ़ें: भारत दौरे से पहले अभ्यास मैच नहीं खेलेगा ऑस्ट्रेलिया, कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने बताई वजह
