Ruturaj Gaikwad Fined: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 बेहद निराशाजनक रहा. गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली 89 रनों की करारी हार न सिर्फ चेन्नई के आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार थी. बल्कि मैच के बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर बीसीसीआई ने दोहरा झटका भी दे दिया.
इस सीजन में दूसरी बार हुआ ऐसा
चेन्नई ने इस सीजन में दूसरी बार स्लो ओवर-रेट का नियम तोड़ा है. बार-बार हुई इस गलती की वजह से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर 24 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगा है. दरअसल, यह गाज सिर्फ कप्तान पर ही नहीं गिरी, बल्कि मैच खेलने वाले बाकी 11 खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर कार्तिक शर्मा को भी इसकी सजा भुगतनी पड़ी. टीम के बाकी सभी खिलाड़ियों पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है.
गुजरात ने खड़ा किया विशाल लक्ष्य
सीएसके के खिलाफ इस ‘डू और डाई’ मुकाबले में चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था. लेकिन गुजरात के बल्लेबाजों ने कप्तान गायकवाड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों ने सीएसके के गेंदबाजों पर धावा बोलना शुरू कर दिया. साई सुदर्शन (84 रन) और कप्तान शुभमन गिल (64 रन) ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाते हुए पहले विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी की. इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जोश बटलर ने भी 27 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाए. इसकी बदौलत गुजरात ने 4 विकेट खोकर 229 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया.
गुजरात के तेज गेंदबाजों के आगे टेके घुटने
230 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम की शुरुआत बहुत खराब रही. बेहतरीन फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज संजू सैमसन को मैच की पहली ही गेंद पर मोहम्मद सिराज ने चलता किया. इस शुरुआती झटके से चेन्नई की टीम पूरे मैच में उबर नहीं पाई. मिडिल ऑर्डर में सिर्फ शिवम दुबे ने थोड़ा संघर्ष किया और 17 गेंदों में ताबड़तोड़ 47 रन बनाए. लेकिन उनके आउट होते ही चेन्नई की पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. गुजरात की तरफ से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए. इस घातक गेंदबाजी के सामने चेन्नई की पूरी टीम 13.4 ओवरों में सिर्फ 140 रनों पर धराशाई हो गई.
