Rohit Sharma TV Debut: क्रिकेट के बाद टीवी पर दिखेगा ‘हिटमैन’ का नया अंदाज, इस शो से करेंगे डेब्यू

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा जल्द ही टीवी पर नजर आएंगे. 'Family Full House with Rohit Sharma' नामक एक नए शो से वह मनोरंजन जगत में अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं. यह शो 19 सितंबर 2026 से प्रसारित होगा.

Rohit Sharma TV Debut: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज और 2024 टी20 विश्व कप विजेता कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान से बाहर एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. रोहित जल्द ही टीवी स्क्रीन पर नजर आएंगे. Sony Pictures Networks India ने अपने नए शो ‘Family Full House with Rohit Sharma’ का ऐलान किया है. यह शो 19 सितंबर 2026 से दर्शकों के बीच आएगा.

क्रिकेट के बाद मनोरंजन की दुनिया में नई पारी

रोहित शर्मा ने क्रिकेट में लंबा और शानदार करियर बनाया है. अब वह खेल के मैदान से बाहर अपनी लोकप्रियता को एक नए मंच पर आजमाने जा रहे हैं. ‘Family Full House with Rohit Sharma’ के जरिए वह पहली बार बड़े स्तर पर मनोरंजन की दुनिया में नजर आएंगे. रोहित की मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी और सहज अंदाज के साथ-साथ उनकी मजेदार बातचीत भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय रही है. ऐसे में टीवी पर उनका यह नया रूप दर्शकों के लिए खास दिलचस्प हो सकता है.

19 सितंबर से टीवी पर नजर आएंगे रोहित

रोहित शर्मा का नया शो 19 सितंबर 2026 से शुरू होगा. शो की घोषणा के साथ ही उनके टीवी डेब्यू को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. क्रिकेट से जुड़े कार्यक्रमों और विज्ञापनों में रोहित को पहले भी देखा गया है, लेकिन किसी मनोरंजन शो के साथ उनका जुड़ना उनके करियर का एक नया अनुभव होगा.

ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज से हो सकती है हार्दिक पंड्या की वापसी, जसप्रीत बुमराह पर सस्पेंस बरकरार

वनडे क्रिकेट में अभी भी सक्रिय हैं रोहित

टीवी पर नई पारी शुरू करने जा रहे रोहित शर्मा ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. हालांकि, वह अभी वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का हिस्सा हैं. 39 साल की उम्र में भी रोहित की बल्लेबाजी में उनका अनुभव और प्रभाव साफ नजर आता है. हालिया इंग्लैंड दौरा इसका उदाहरण रहा, जहां उन्होंने तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया.

लॉर्ड्स में खेली 138 रन की यादगार पारी

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 110 गेंदों पर 138 रन की पारी खेली. उनकी इस पारी में 17 चौके और 5 छक्के शामिल थे. रोहित ने इस मुकाबले में विराट कोहली के साथ भी शानदार साझेदारी की. कोहली ने 60 गेंदों पर 74 रन बनाए. हालांकि, दोनों की बेहतरीन पारियों के बावजूद भारत यह मुकाबला 27 रन से हार गया और इंग्लैंड ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की. तीन मैचों की इस सीरीज में रोहित ने कुल 175 रन बनाए. उनका औसत 58.33 और स्ट्राइक रेट 98.31 रहा.

वनडे में भी शानदार रहा है रोहित का करियर

रोहित शर्मा का वनडे रिकॉर्ड उन्हें इस प्रारूप के महान बल्लेबाजों में शामिल करता है. उनके नाम 11,895 रन दर्ज हैं. इस दौरान उन्होंने 34 शतक और 62 अर्धशतक लगाए हैं. वनडे क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 264 रन है. यह पारी उन्होंने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ खेली थी और आज भी वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों में शामिल है.

ये भी पढ़ें: क्रिकेट में कैसे आया था ‘मांकडिंग’ शब्द? जानिए उस पहले रन आउट की कहानी, जिसने दिया यह नाम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >