Jadeja 350 Wickets: गॉल टेस्ट में रवींद्र जडेजा ने गेंद से एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन जडेजा ने केशरा नुवान्था को आउट करते ही टेस्ट क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए. इसके साथ ही वह टेस्ट में 350 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं.
90वें मैच में मिली सफलता
जडेजा ने यह मुकाम अपने 90वें टेस्ट मैच में हासिल किया. 350 टेस्ट विकेट पूरे करने के साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेट के उन दिग्गजों की खास सूची में जगह बना ली है, जिसमें अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, कपिल देव और हरभजन सिंह जैसे नाम शामिल हैं.
जडेजा से पहले इन भारतीयों ने किया था कमाल
टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है. उन्होंने अपने करियर में 619 विकेट चटकाए. उनके बाद रविचंद्रन अश्विन ने 537, कपिल देव ने 434 और हरभजन सिंह ने 417 विकेट लिए हैं. अब इस सूची में रवींद्र जडेजा का नाम भी जुड़ गया है. जडेजा के 350 विकेट पूरे होते ही वह भारत के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में यह आंकड़ा पार किया है. वहीं भारत की ओर से 300 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले अन्य गेंदबाजों में जहीर खान और इशांत शर्मा शामिल हैं. दोनों के नाम 311-311 विकेट हैं.
Also Read: VIDEO: मिल-बांटकर खाएंगे और फिर तलवार चलाएंगे...स्टंप माइक पर सरफराज और पंत का मजेदार बातचीत वायरल
90 टेस्ट में 350 विकेट, 15 बार पांच विकेट
जडेजा ने 90 टेस्ट मैचों में 350 विकेट पूरे किए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत करीब 25 का रहा है. उनके नाम 15 पांच विकेट हॉल भी हैं, जबकि एक टेस्ट मैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 विकेट का है. टेस्ट क्रिकेट में जडेजा लंबे समय से भारतीय टीम के प्रमुख स्पिन गेंदबाज और ऑलराउंडर रहे हैं. रविचंद्रन अश्विन के साथ उनकी जोड़ी ने भारत को कई अहम मुकाबलों में जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है.
4000 रन और 350 विकेट का खास डबल
जडेजा की यह उपलब्धि सिर्फ गेंदबाजी तक सीमित नहीं है. वह टेस्ट क्रिकेट में 4,000 से ज्यादा रन भी बना चुके हैं. नवंबर 2025 में उन्होंने टेस्ट में 4,000 रन पूरे किए थे. वह टेस्ट इतिहास में 4,000 से ज्यादा रन और 350 विकेट का डबल पूरा करने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी हैं. इससे पहले इंग्लैंड के इयान बॉथम, न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी और भारत के कपिल देव यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. कपिल देव के नाम 5,248 रन और 434 विकेट हैं.
