R Ashwin World Cup Team : भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे विश्व कप के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय टीम चुनी है. खास बात यह रही कि उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली पर पूरा भरोसा जताया, जबकि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी की भी जोरदार पैरवी की.
भुवनेश्वर कुमार पर जताया भरोसा
क्रिकइंफो के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकते हैं. उन्होंने सुझाव दिया कि भुवनेश्वर को घरेलू क्रिकेट और विजय हजारे ट्रॉफी समेत सभी टूर्नामेंट खिलाकर विश्व कप के लिए तैयार किया जाना चाहिए. भुवनेश्वर ने नवंबर 2022 के बाद से भारत के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, लेकिन IPL 2026 में उनकी शानदार गेंदबाजी ने अश्विन को प्रभावित किया.
ऑलराउंडर की लिस्ट में अक्षर पटेल भी
अश्विन ने अपनी 13 सदस्यीय टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन को बल्लेबाज के रूप में चुना. वहीं ऑलराउंडर की भूमिका के लिए हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को जगह दी.
संजू को टीम में नहीं किया शामिल
गेंदबाजी आक्रमण में उन्होंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और कुलदीप यादव पर भरोसा जताया. दूसरी ओर, अश्विन ने अपनी संभावित विश्व कप टीम में ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों को जगह नहीं दी. वहीं यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, मोहम्मद शमी, रविंद्र जडेजा, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ियों को लेकर उन्होंने कोई स्पष्ट राय नहीं दी.
अश्विन की वनडे विश्व कप टीम : विराट कोहली, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, शुभमन गिल और भुवनेश्वर कुमार.
