Ind vs Sl Test Series: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम ने अपने एकमात्र अभ्यास मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट से जीत दर्ज की. इस मुकाबले को बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बेहद उपयोगी और प्रोडक्टिव बताया. उनका मानना है कि मैच की परिस्थितियों में खिलाड़ियों को जिस तरह की तैयारी मिली, वह कई दिनों की नेट प्रैक्टिस से भी ज्यादा प्रभावी रही.
बैटर्स ने किया शानदार प्रदर्शन
बीसीसीआई की ओर से शेयर किए गए वीडियो में कोटक ने कहा कि गेंदबाजों ने अच्छी तीव्रता के साथ गेंदबाजी की और बल्लेबाजों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने बताया कि टीम ने कोशिश की कि सभी खिलाड़ियों को मैच में पर्याप्त मौका मिले. कोटक ने देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी की खास तौर पर तारीफ की, जबकि गुरनूर और मोहम्मद सिराज के छक्के लगाने की क्षमता को भी सराहा.
पडिक्कल ने खेली नाबाद 142 रन की पारी
अभ्यास मैच में श्रीलंका XI ने पहली पारी में 363/8 रन बनाकर पारी घोषित की. रविंदु रसनथा, निशान फर्नांडो और सोनल दिनुषा ने अर्धशतक लगाए. भारत की ओर से मानव सुथार, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए. जवाब में भारत ने 357/6 पर पारी घोषित की. देवदत्त पडिक्कल ने 164 गेंदों पर नाबाद 142 रन की शानदार पारी खेली. केएल राहुल, जडेजा, मानव सुथार और गुरनूर बरार ने भी उपयोगी योगदान दिया.
गिल हुए फिट, सिराज ने दिखाई पावर
श्रीलंका XI ने दूसरी पारी 200/6 पर घोषित कर भारत के सामने 207 रन का लक्ष्य रखा. यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई. गिल ने 54 गेंदों में 44 रन बनाए. इसके बाद जडेजा और ऋषभ पंत ने पारी को संभाला. भारत ने 45 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. मोहम्मद सिराज ने महज 15 गेंदों पर नाबाद 32 रन ठोके, जिसमें चार छक्के शामिल थे.
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
कोटक ने भारतीय तेज गेंदबाजों की भी तारीफ की और कहा कि पिच से ज्यादा मदद नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने पूरा प्रयास किया. अब भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी.
Also Read: शुभमन गिल के बयान के बाद ECB चीफ ने दिए संकेत, ODI ट्राई-सीरीज की हो सकती है वापसी
