Portugal T20 World Cup Qualifier: पुर्तगाल ने इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा धमाका करते हुए स्पेन को 57 रन से हराकर आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. फिनलैंड के केरावा में खेले गए फाइनल में पुर्तगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन बनाए. जवाब में स्पेन की पूरी टीम 103 रन पर सिमट गई.
पुर्तगाल ने खड़ा किया 160 रन का स्कोर
स्पेन के कप्तान क्रिश्चियन मुनोज़-मिल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. पुर्तगाल को धवलकुमार नोरोतम और क्रिस्टोफर डी फ्रेटस ने अच्छी शुरुआत दिलाई. कप्तान मोइसेस हेनरिकेस ने भी 18 रन जोड़कर टीम को संभाला. इसके बाद क्रेग कैचोपा, कार्लोस नून्स और जेरेमी मार्टिंस ने तेजी से रन बनाते हुए टीम का स्कोर 160 तक पहुंचा दिया.
इसे भी पढ़े- मिचेल स्टार्क ने 22 गेंदों में लिए 5 विकेट, स्टेन और अश्विन को छोड़ा पीछे
शुरुआत में ही लड़खड़ा गया स्पेन
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पेन की शुरुआत बेहद खराब रही. सेबेस्टियन डी ओलिवेरा और जेरेमी मार्टिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए स्पेन के टॉप-3 बल्लेबाजों को महज 32 रन पर पवेलियन भेज दिया. यहां से स्पेन पर दबाव बढ़ गया.
यासिर अली का विकेट बना टर्निंग पॉइंट
यासिर अली और डेनियल डॉयल कैले ने मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों की साझेदारी से स्पेन को वापसी की उम्मीद जगी, लेकिन 11वें ओवर में सिराज उल्लाह खादिम ने यासिर को बोल्ड कर दिया. इस विकेट के बाद पुर्तगाल ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली.
26 मैचों से अजेय स्पेन का सफर थमा
स्पेन पिछले 26 टी20 इंटरनेशनल मैचों से लगातार जीत रहा था. पुर्तगाल ने फाइनल में उसकी इस शानदार जीत की लय पर ब्रेक लगा दिया. आखिर में जेरेमी मार्टिंस ने लोर्न बर्न्स को बोल्ड कर स्पेन की पारी समेट दी और पुर्तगाल को 57 रन की यादगार जीत दिला दी.
इसे भी पढ़े- T20 में गंभीर का फॉर्मूला सुपरहिट, लेकिन वनडे में क्यों फंस रही टीम इंडिया? समझिए पूरी कहानी
यूरोप क्वालिफायर 2027 में पहुंचा पुर्तगाल
इस जीत के साथ पुर्तगाल ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर 2027 में सीधे जगह बना ली है. अगले दौर में उसके साथ जर्सी और डेनमार्क भी होंगे. स्कॉटलैंड को भी सीधे एंट्री मिली है, जबकि इटली और नीदरलैंड्स ग्लोबल क्वालिफायर में पहुंच चुके हैं. अब पुर्तगाल की नजरें 2027 यूरोप क्वालिफायर में दमदार प्रदर्शन कर ग्लोबल क्वालिफायर का टिकट हासिल करने पर होंगी.
