PM Modi with CWG Medallists : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संडे को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG) में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनकी मेहनत व समर्पण की सराहना की. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा, 'जो खेलेगा, वो खिलेगा. हमेशा भारत के लिए चीयर करें.'
देश का परचम आगे भी लहराए
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय दल के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग, जूडो, एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स समेत कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी सफलता को अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम आगे भी लहराने का आह्वान किया.
युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया. उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश के बच्चों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और ‘Cheer for Bharat’ के संदेश के साथ भारतीय खेल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने पर जोर दिया.
पीएम से मिलना गर्व का पल
महिला 51 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज साक्षी चौधरी भी प्रधानमंत्री से मिलने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहीं. मुलाकात के बाद साक्षी ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सभी पदक विजेताओं के लिए प्रधानमंत्री से मिलना गर्व का पल रहा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बेहद सहज और विनम्र हैं और खिलाड़ियों ने उनके साथ मुलाकात का काफी आनंद लिया.
39 पदकों के साथ शानदार अभियान
ग्लासगो में भारत ने कुल 39 मेडल अपने नाम किए, जिसमें 13 स्वर्ण शामिल रहे. भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा और मजबूत तैयारी का परिचय दिया. बॉक्सिंग में भारत का प्रदर्शन विशेष रूप से शानदार रहा और भारतीय मुक्केबाजों ने रिकॉर्ड 10 पदक जीते.
Also Read: कोहली के प्रोफेशनलिज्म के मुरीद हुए वीवीएस लक्ष्मण, बोले- 'वह हर बार अपने लिए ऊंचे मानक तय करते हैं'
