अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए पाथुम निसंका, लेकिन श्रीलंका के तूफान में उड़ गई वेस्टइंडीज

Pathum Nissanka dismissed: श्रीलंका ने वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है. किंगस्टन में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में मेहमान टीम ने वेस्टइंडीज को 41 रनों से हरा दिया. इस जीत के साथ ही श्रीलंका ने सीरीज में शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है.

Pathum Nissanka dismissed: श्रीलंका ने अपने वेस्टइंडीज दौरे का आगाज बेहद आक्रामक अंदाज में किया है। 3 जून को जमैका के किंग्सटन स्थित सबीना पार्क में खेले गए पहले वनडे मैच में मेहमान टीम ने वेस्टइंडीज को 41 रनों से रौंद दिया. इस एकतरफा जीत के साथ श्रीलंका ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. इस मुकाबले में पाथुम निसंका के आउट होने का तरीका सोशल मीडिया पर छा गया. निसंका क्रीज पर जमे हुए थे, तभी वेस्टइंडीज के स्पिनर रोस्टन चेज की एक गेंद पर वह बेहद अजीबोगरीब तरीके से गच्चा खा गए और अपना विकेट गंवा बैठे. उनके आउट होने के इस अनोखे अंदाज ने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है.

देखें कैसे आउट हुए निसंका

श्रीलंका की पारी के 35वें ओवर में पाथुम निसंका के साथ जो हुआ, उसकी कल्पना शायद उन्होंने खुद भी नहीं की होगी. वेस्टइंडीज के स्पिनर रोस्टन चेज की एक अत्यधिक टर्न होती गेंद पर निसंका पूरी तरह चकमा खा गए. निसंका गेंद को लेग साइड में मोड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गेंद टर्न होकर पहले उनकी जांघ से टकराई और फिर उनके बल्ले के पिछले हिस्से को छूती हुई हवा में उछल गई. इससे पहले कि गेंद जमीन को छूती, विकेटकीपर और वेस्टइंडीज के कप्तान ने शानदार फुर्ती दिखाते हुए कैच लपक लिया और निसंका को पवेलियन लौटने पर मजबूर कर दिया.

वेस्टइंडीज के सामने रखा 304 रनों का लक्ष्य

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट पर 303 रनों का मजबूत स्कोर बनाया है. मेजबान टीम का पहला विकेट 22 रन के कुल योग पर गिरने के बाद पाथुम निसंका और कुसल मेंडिस ने मोर्चा संभाला. दोनों ने सूझबूझ और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की शानदार साझेदारी की. इस साझेदारी को वेस्टइंडीज ने कुसल मेंडिस (72 रन, 62 गेंद) को आउट कर तोड़ा। इसके कुछ देर बाद ही अर्धशतकवीर पाथुम निसंका भी 79 रन (103 गेंद) बनाकर पवेलियन लौट गए. शीर्ष क्रम के इस शानदार प्रदर्शन के बाद मिडिल ऑर्डर में चारिथ असालंका (45) और जैनिथ लियानागे (44) की उपयोगी पारियों की बदौलत श्रीलंका ने विंडीज के सामने जीत के लिए 304 रनों का विशाल लक्ष्य रखा.

चामीरा के ‘चौके’ से पस्त हुआ वेस्टइंडीज

304 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम श्रीलंका की धारदार गेंदबाजी के आगे ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. पूरी टीम 50 ओवर भी नहीं टिक सकी और 49.2 ओवर में 262 रनों पर ऑलआउट हो गई. वेस्टइंडीज के लिए कप्तान शे होप ने 56 रनों की कप्तानी पारी खेलकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन दूसरे बल्लेबाजों की नाकामी के चलते टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई. श्रीलंका की इस धमाकेदार जीत के हीरो तेज गेंदबाज दुष्मंथा चामीरा रहे. जिन्होंने अपने 10 ओवर के कोटे में 67 रन खर्च कर 4 कैरेबियाई बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. वहीं, मिस्ट्री स्पिनर महीश तीक्षणा ने बेहद कंजूस गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 26 रन दिए और 2 विकेट झटके. इस जीत के साथ श्रीलंका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 7 जून को खेला जाएगा.

यह भी पढ़े- जीत की दहलीज पर पहुंचकर हारी टीम, गेंदबाज ने 2 गेंदों में लुटाए 19 रन 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >