Womens Asia Cup: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने रविवार को महिला एशिया कप और एशियन गेम्स के लिए 15-15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. ऑलराउंडर फातिमा सना की दोनों टीमों में वापसी हुई है और उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. फातिमा हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं थीं, क्योंकि वह ‘द हंड्रेड’ में खेल रही थीं.
एशियन गेम्स के लिए भी फातिमा संभालेंगी कमान
जापान में 17 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स में भी फातिमा सना ही पाकिस्तान की कप्तान होंगी. क्रिकेट मुकाबले आइची के कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे. पाकिस्तान का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ होगा. इसके बाद 20 सितंबर को सेमीफाइनल और 22 सितंबर को कांस्य पदक व स्वर्ण पदक के मुकाबले खेले जाएंगे.
पाकिस्तान की एशिया कप टीम : फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, ईमान नसीर, ईमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), नाजिहा अल्वी, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जाबीन, शावाल जुल्फिकार, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर
एशियन गेम्स की पाकिस्तान टीम : फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, ईमान नसीर, ईमान फातिमा, गुल फिरोजा, हुमना बिलाल, मोमिना रियासत, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नशरा संधू, सायरा जाबीन, शावाल जुल्फिकार, तस्मिया रुबाब, तुबा हसन और उम्म-ए-हानी .
महिला एशिया कप 28 अगस्त से
महिला एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में किया जाएगा. पाकिस्तान को टूर्नामेंट के ग्रुप ए में भारत, थाईलैंड और हांगकांग-चीन के साथ रखा गया है. पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 1 सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा. इसके बाद 5 सितंबर को भारत और 7 सितंबर को हांगकांग-चीन से मुकाबला होगा.
Also Read: हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने वेल्स को 3-1 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दागे दो गोल
भारत-पाकिस्तान मैच 5 सितंबर को
पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में इससे पहले 2010 और 2014 में स्वर्ण पदक जीत चुकी है. हालांकि, 2022 में खेले गए पिछले संस्करण में टीम चौथे स्थान पर रही थी. ऐसे में फातिमा सना की अगुवाई वाली टीम एक बार फिर पदक जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. महिला एशिया कप में पाकिस्तान और भारत के बीच मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा, जिस पर क्रिकेट फैंस की खास नजर रहेगी.
Also Read: जब इंडोर स्टेडियम में खेला गया पहला ODI इंटरनेशनल मैच, जानिए उस दिन की पूरी कहानी
