लंदन : भारत के लिएंडर पेस और कनाडा के डेनियल नेस्टर की जोडी आज यहां एगोन टेनिस चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में नेनाद जिमोनजिच और मार्किन मातकोवस्की की जोडी से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गयी. पेस और नेस्टर की तीसरी वरीयता प्राप्त जोडी एक घंटा 18 मिनट तक चले मुकाबले में सर्बिया के जिनोनजिच और पोलैंड के मातकोवस्की की दूसरी वरीयता प्राप्त जोडी से 3-6 6-7 (8) से हार गयी.
यह मुकाबला बेहद कडा रहा और खिलाडियों को एक छोटी गलती की भी बड़ी कीमत चुकानी पडी. पेस और नेस्टर को पहले सेट में ब्रेक का कोई मौका नहीं मिला जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी जोडी को एक मौका मिला जिसे उसने भुना लिया. पेस और नेस्टर दोनों ने 180-180 रैंकिंग अंक अर्जित किये और 23,990 यूरो आपस में बांटे.
