मुंगेर : प्रभात खबर फुटबॉल टूर्नामेंट के महामुकाबला में शुक्रवार को मुंगेर बनाम खगड़िया के बीच बाल्मीकि मैदान शीतलपुर-सीताकुंड में मैच खेला गया. कांटे की टक्कर में मैच गोल रहित बराबरी पर रहा. खेल प्रारंभ होने से पहले जहां मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक जितेंद्र मिश्रा, समाज सेवी भूपनारायण मिश्रा, युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ निधि व आइएमसी के वरीय अधिकारी मनोज कुमार ने मैदान जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया. वहीं मैच ड्रा रहने पर दोनों टीमों के कप्तान को प्रमंडलीय आयुक्त पंकज कुमार पाल ने संयुक्त रूप से शिल्ड प्रदान किया. मैच प्रारंभ होते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया.
मुंगेर टीम को तीन बेहतरीन मौका मिला. लेकिन खिलाड़ी गेंद को गोल पोस्ट में नहीं डाल सके. जबकि दो मौका खगड़िया टीम को भी मिला. जिसे खिलाड़ी गोल में नहीं बदल पाये. मैच काफी संघर्षपूर्ण रहा. दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने तकनीकी खेल का भी प्रयोग किया. बावजूद इसके गोल करने में खिलाड़ी कामयाब नहीं हो सके. कांटे की इस टक्कर में मुंगेर एवं खगड़िया टीम के खिलाड़ी ने एक भी गोल नहीं कर सकी. जिसके कारण मैच गोल रहित बराबरी पर समाप्त हुआ.
टूर्नामेंट नियम के अनुसार दोनों टीमों को 1-1 प्वाइंट निर्णायक मंडली ने देकर खेल के विधिवत समाप्ति की घोषणा की. मैदान में मैच देखने के लिए दर्शकों की खचाखच भीड़ रही. जो मुंगेर ही नहीं बल्कि खगड़िया टीम को भी बेहतरीन खेल के लिए तालियां बजा कर हौसला बढ़ाते रहे. खगड़िया के खिलाड़ियों को दर्शकों ने यह महसूस नहीं होने दिया कि आप दूसरे जिला में खेल रहे है. खेल के अंत तक मैदान में दर्शक जमा रहा.
अब चार नवंबर को जमुई से भिड़ेगा मुंगेर
प्रभात खबर फुटबॉल टूर्नामेंट में मुंगेर का अगला मुकाबला चार नवंबर को जमुई से होगा. यह मुकाबला जमुई में होगा. टीम कोच भवेश कुमार ने बताया कि जमुई से मुकाबले के लिए टीम के खिलाड़ी लगातार प्रेक्टिस में भिड़ा हुआ है. बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
बांका ब्रेवहार्ट भागलपुर बेंबर्स से पराजित
बांका : आओ गोल करें, प्रभात खबर टूर्नामेंट के तहत आरएमके मैदान में आयोजित एक अहम मैच में भागलपुर बेंबर्स की टीम ने बांका ब्रेवहार्ट को पराजित किया. भागलपुर ने यह मुकाबला तीन-एक से अपने नाम किया. इससे पहले मैच का शुभारंभ डीएम कुंदन कुमार, एसपी चंदन कुशवाहा, जिला फुटबॉल संघ के संरक्षण जितेंद्र सिंह, भाजपा नेता सह फुटबॉल संघ अध्यक्ष मनोज यादव सहित अन्य गणमान्य ने संयुक्त रूप से फुटबॉल पर किक मार कर व गुब्बारा उड़ाकर किया. जबकि टॉस बांका टीम ने जीता.
मैच आरंभ होने के साथ खेल में रोमांच भर गया. प्रथम हाफ के छह मिनट में भागलपुर बेंबर्स की ओर से आठ नंबर जर्सी जयराम मुर्मू ने पहला गोल दागा. इसी खिलाड़ी ने दूसरा गोल 34वां मिनट में तीसरा 54 वां मिनट ने दाग दिया. जबकि बांका ब्रेवहार्ट की ओर से 62वां मिनट में 16 नंबर जर्सी रामजी मुर्मू ने अपनी टीम की ओर से पहला गोल किया. सर्वाधिक गोल भागलपुर ने तीन किया. लिहाजा, भागलपुर टीम को विजयी घोषित कर दिया. मैच 70 मिनट अवधि तक खेला गया. रामांचक मैच ने दर्शकों को अंतिम क्षण तक पकड़े रखा.
मैच में रेफरी की भूमिका मुंगेर के सतीश कुमार, मो सलाम, अजय कुमार व जमालपुर के देवराज ने निभायी. जबकि खेल का आंखो देखा हाल सुबोध झा ने बताया. मैच को देखने मैदान दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी थी. मैच में स्पॉन्सर की भूमिका महादेव इंकलेव कंपनी ने निभायी. जबकि सफलीभूत आयोजन में जिला फुटबॉल संघ ने महती भूमिका अदा की.
लगातार दो जीत के साथ गया प्री क्वार्टर में, दूसरे मुकाबले में नवादा को 2-0 से हराया
गया : प्रभात खबर फुटबाॅल टूर्नामेंट में एफ ग्रुप में लगातार दो जीत के साथ गया की टीम ने प्री क्वार्टर मुकाबले के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है. शुक्रवार को गांधी मैदान स्टेडियम में नवादा और गया के बीच खेले गये ग्रुप के दूसरे मैच में गया ने 2-0 से जीत दर्ज की. 70 मिनट के खेल के पहले हाफ में दोनों ही टीमों के अथक प्रयास के बाद भी एक गोल नहीं हो सका. दूसरे हाफ की शुरुआत में सभी यह मान चुके थे कि मैच ड्राॅ की ओर बढ़ रहा है. लेकिन, 12वें मिनट में गया के रविशंकर ने पहला गोल किया. इसके ठीक 10 मिनट बाद खेल के 22वें मिनट में मंगल पूर्ति ने दूसरा गोल दागा. इस दौरान नवादा को भी कुछ मौके मिले, लेकिन ये गोल में तब्दील नहीं हो सके.
इस तरह से गया ने मैच को जीत लिया. अब गया का मुकाबला ई ग्रुप में से क्वालीफाई करनेवाली टीम के साथ प्री क्वार्टर में होगा. इससे पहले गया ने नालंदा में हुए गया बनाम नालंदा के बीच मुकाबले को 4-2 से जीता था. एफ ग्रुप का तीसरा मैच चार नवंबर को नवादा में नवादा बनाम नालंदा खेला जायेगा. इससे पहले गांधी मैदान स्टेडियम में मैच का उद्घाटन एसएसपी राजीव मिश्र, एसडीओ सूरज कुमार सिन्हा, जिला फुटबाॅल संघ के चेयरमैन डाॅ फरासत हुसैन व जिला ओलिंपिक संघ के महासचिव मोती करीमी ने संयुक्त रूप किया.
वहीं, दूसरी ओर प्रभात खबर इंटर बिहार फुटबाॅल टूर्नामेंट (आओ गोल करें) में गया और तिरहुत टाइगर की टीमें जीत दर्ज कर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गयीं. गया ने दूसरे मैच में नवादा को 2-0 से और तिरहुत ने वैशाली को 3-0 से हराया. शुक्रवार को चार जोनों में हुए अन्य मुकाबले में जहानाबाद ने अरवल को 1-0 से भागलपुर ने बांका को 3-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया. वहीं मुंगेर और खगड़िया के बीच मैच गोलरहित बराबरी पर छूटा. गया के गांधी मैदान स्टेडियम में एफ ग्रुप के मैच में गया ने 2-0 से जीत दर्ज की. पहले हाफ में दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी. दूसरे हाफ के 12वें मिनट में गया के रविशंकर और 22वें मिनट में मंगल पूर्ति ने गोल दागा.
तिरहुत ने वैशाली को 3-0 से रौंदा
हाजीपुर : स्थानीय अक्षयवट राय स्टेडियम में हुए मैच में तिरहुत टाइगर ने वैशाली वॉरियर्स को 3-0 से पराजित किया. मैच के 19 वें मिनट में तिरहुत के मो जावेद, 28वें मिनट में बासकी और 40वें मिनट में गोल किया.
जहानाबाद ने अरवल को एक गोल से हराया
जहानाबाद : जिले के सम्मत बिगहा फुटबॉल मैदान में हुए मैच में जहानाबाद ने शानदार वापसी करते हुए अपने दूसरे मैच में अरवल को 1-0 से पराजित कर जीत का स्वाद चखा. 28वें मिनट में जहानाबाद के शोएब अख्तर गोल दागा.
मुंगेर व खगड़िया के बीच मैच ड्रॉ
मुंगेर : बाल्मीकि मैदान खेले गये मैच में मुंगेर और खगड़िया के बीच मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छूटा. कांटे की टक्कर में निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पायी.
भागलपुर 3-1 से जीता
बांका : आरएमके मैदान में आयोजित मैच में भागलपुर बेंबर्स की टीम जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश कर गयी. भागलपुर ने बांका ब्रेवहार्ट को 3-1 से पराजित किया. पहले हाफ के छठे मिनट में, 34वें मिनट और 54वें मिनट में भागलपुर के जयराम मुर्मू ने गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिला दी. बांका ब्रेवहार्ट की ओर से 62वें मिनट में रामजी मुर्मू ने मात्र एक गोल दागा. अन्य खिलाड़ियों के सहयोग नहीं मिलने से टीम 3-1 से हार गयी.
