नयी दिल्ली : स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने बुधवार को यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठा रही महिलाओं की सराहना की और #मीटू अभियान का समर्थन किया.
दूरसंचार सेवा प्रदाता वोडाफोन-आइडिया द्वारा महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर वोडाफोन सखी नामक सेवा की शुरुआत के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत में सिंधू ने यह बात कही.
ओलंपिक खेलों के महिला एकल में रजत पदक जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी ने देश भर में महिलाओं द्वारा चलाये जा रहे #मीटू अभियान के बारे में कहा, मैं उन लोगों की सराहना करती हूं, जो सामने आकर इस बारे में अपनी बात रख रही हैं. मैं इस चीज का सम्मान करती हूं कि वे आगे आकर अपनी राय जाहिर कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें…
#MeToo : ज्वाला गुट्टा ने इसपर लगाया गंभीर आरोप
सिंधू से पूछा गया कि क्या खेल के क्षेत्र में इस तरह की चीजें होती हैं, तो उन्होंने कहा, मुझे अन्य लोगों के बारे में नहीं पता, लेकिन जहां तक मेरा सवाल है, मैं जबसे इस क्षेत्र में हूं, मुझे कभी इस तरह की दिक्कत नहीं हुई.
गौरतलब है कि हाल ही में अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा 2008 में एक फिल्म के सेट पर अभिनेता नाना पाटेकर द्वारा बदसलूकी का आरोप लगाया जाने के बाद भारत में #मीटू अभियान ने जोर पकड़ लिया है.
इस अभियान के तहत मंगलवार को भी कई महिलाओं ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न या यौन दुर्व्यवहार के अनुभव साझा किये, जिसके लपेटे में केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर और फिल्म अभिनेता आलोक नाथ सहित मीडिया और मनोरंजन जगत के कई नामी-गिरामी चेहरे आये हैं.
