भुवनेश्वर : ओडिशा सरकार ने 18वें एशियाई खेलों में पाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम के दो स्थानीय खिलाड़ियों को सोमवार को 50-50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की.
एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ओडिशा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को मान्यता देते हुए नकद पुरस्कार की घोषणा की, उन्होंने कहा कि राज्य की संशोधित खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने शनिवार को महिला हॉकी टीम की चार स्थानीय खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी. टीम ने एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था. ओडिशा ही हॉकी की दोनों टीमों का प्रायोजक है. फरवरी में पटनायक के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इस संबंध में पांच साल के एक करार पर हस्ताक्षर किया था. राज्य इस साल नवंबर में पुरुष हॉकी विश्व कप की भी मेजबानी करेगा.
पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री ने ओडिशा की स्टार एथलीट दुती चंद को तीन करोड़ रुपये का चेक भेंट किया था. दुती ने इंडोनेशिया में एशियाई खेलों में दो रजत पदक जीते थे. पटनायक ने अगले ओलंपिक के लिए दुती को प्रशिक्षण एवं तैयारी की खातिर हर तरह की सहायता मुहैया कराने का वादा किया है.
