आईसीसी ने अगले साल होने वाले पुरुष वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बदलाव किया गया है. बदलाव के बाद क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है. अब स्कॉटलैंड और नीदरलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस बदलाव का खुलकर विरोध किया है. दोनों बोर्ड ने संयुक्त रूप से बयान जारी करके आईसीसी के फैसले पर निराशा जताते हुए कहा कि इस बदलाव के एसोसिएट देशों के लिए आगे बढ़ने का रास्ता मुश्किल हो सकता है.
क्रिकेट स्कॉटलैंड और रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि उन्होंने अन्य एसोसिएट सदस्यों के साथ ICC से इस बदलाव को लेकर दो बार बातचीत की थी. दोनों बोर्ड ने फैसले की आधिकारिक जानकारी और प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता भी मांगी थी. लेकिन उनके मुताबिक, दूसरी बैठक के दो हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी ICC की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. दोनों बोर्ड ने इसे'निराशाजनक' और 'अनादरपूर्ण' बताया.
ये भी पढ़ें: ICC प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए ये तीन खिलाड़ी हुए नॉमिनेट, एक ने तो भारतीय टीम के खिलाफ मचाई थी तबाही
'उभरती टीमों के लिए गलत संदेश'
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड ने कहा कि नए फॉर्मेट से एसोसिएट देशों में क्रिकेट को बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों को नुकसान पहुंच सकता है. दोनों बोर्ड ने कहा कि जब क्रिकेट दुनिया में अपनी पहुंच बढ़ाने, नए दर्शकों को जोड़ने और अंतरराष्ट्रीय खेल के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, तब उभरती टीमों को बड़े टूर्नामेंट में खेलने के मौके कम करना गलत संदेश देता है. उन्होंने यह भी कहा कि एसोसिएट सदस्यों को प्रभावित करने वाले बड़े फैसले लेने से पहले उनसे पर्याप्त बातचीत होनी चाहिए और उन्हें बदलावों के असर को समझने और अपनी तैयारी करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए.
'वर्ल्ड कप की तैयारी बीच में बदलना सही नहीं'
दोनों बोर्ड ने खास तौर पर वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन प्रक्रिया के बीच नियम बदलने पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि खिलाड़ी और टीमें कई वर्षों तक वर्ल्ड कप की तैयारी करती हैं. ऐसे में क्वालिफिकेशन प्रक्रिया में अचानक बदलाव करने से टीमों की योजना प्रभावित होती है. बयान में कहा गया कि कम समय में इस तरह के बदलाव करने से पहले से सीमित संसाधनों के साथ काम कर रहे संगठनों पर अतिरिक्त आर्थिक और प्रशासनिक दबाव पड़ता है. दोनों बोर्ड ने ICC से पारदर्शी फैसले लेने और अपने सदस्यों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने की मांग की.\
ये भी पढ़ें: 6,6,6,6,6,6... टोबी एल्बर्ट ने कूटे 86 रन, 232 की स्ट्राइक रेट से जड़े 8 छक्के
क्या है नया ODI वर्ल्ड कप फॉर्मेट?
ICC ने पिछले महीने पुरुष वनडे वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट का ऐलान किया था. इसके तहत टूर्नामेंट में टीमों की संख्या 10 से बढ़ाकर 14 कर दी गई है. हालांकि, नया ढांचा पहले के मुकाबले ज्यादा जटिल है और इसमें चार चरण होंगे. शुरुआत में राउंड-रॉबिन आधार पर 'सुपर सीरीज' होगी और उसके बाद ग्रुप स्टेज खेला जाएगा. 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीमों में से दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी, जबकि एक टीम शुरुआत में ही बाहर हो जाएगी.
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड क्वालिफायर में
स्कॉटलैंड और नीदरलैंड दोनों ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर में जगह बना ली है. यह क्वालिफायर फरवरी 2027 में खेला जाना है, हालांकि अभी इसके आयोजन स्थल का फैसला नहीं हुआ है. दोनों बोर्ड के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि अगले वनडे वर्ल्ड कप के शुरू होने में अब 18 महीने से भी कम समय बचा है. उनका कहना है कि इतने कम समय में फॉर्मेट बदलने से प्रभावित टीमों को अपनी रणनीति और तैयारियों में बदलाव करने का पर्याप्त मौका नहीं मिला.
ये भी पढ़ें: 17 किलो वजन घटाया, कश्मीर में बहाया पसीना... 2 साल बाद सरफराज खान ने ऐसे किया टीम इंडिया में कमबैक
