Lausanne Diamond League: भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को होने वाली लुसाने डायमंड लीग में एक बार फिर विश्व के टॉप खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी चुनौती पेश करेंगे. इस प्रतियोगिता में उनका सामना श्रीलंका के कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन और इस सीजन के शानदार फॉर्म में चल रहे रूमेश पथिरागे से होगा.
अरशद नदीम समेत कई दिग्गज होंगे मैदान में
लुसाने डायमंड लीग में नीरज के अलावा पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम, मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकाट (त्रिनिदाद एवं टोबैगो) और पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स (ग्रेनाडा) भी हिस्सा लेंगे. इसके अलावा चेक गणराज्य के याकूब वाडलेज्च, जर्मनी के जूलियन वेबर, स्विट्जरलैंड के सिमोन वीलैंड और अमेरिका के कर्टिस थॉम्पसन भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश करेंगे.
पांच बड़े चैंपियन होंगे एक साथ
आयोजकों के अनुसार, पिछले चार ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप के विजेता जैवलिन थ्रो के पांच बड़े सितारे इस प्रतियोगिता में एक साथ नजर आएंगे, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है. पिछली बार दोहा डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था. इस बार वो मेडल जीतने के इरादे से उतरेंगे.
चोट के बाद तीसरा टूर्नामेंट खेलेंगे नीरज
चोट से वापसी के बाद यह नीरज चोपड़ा का तीसरा टूर्नामेंट होगा. इससे पहले वह जून में दोहा डायमंड लीग में 85.69 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर चौथे स्थान पर रहे थे. इसके बाद उन्होंने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 85.83 मीटर का सीजन बेस्ट प्रदर्शन किया.
पथिरागे शानदार फॉर्म में
श्रीलंका के रूमेश पथिरागे इस समय शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में 89.75 मीटर का थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीता था. वहीं जून में गोल्डन गाला पिएत्रो मेनिया प्रतियोगिता में उन्होंने 92.62 मीटर का थ्रो कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. ऐसे में लुसाने डायमंड लीग में नीरज और पथिरागे के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: CWG 2026: किस खेल ने बढ़ाया भारत का मान, कौन रहा फिसड्डी? देखें पूरा रिपोर्ट कार्ड
