नेशनल स्पोर्ट्स अवार्ड्स का ऐलान, तेजस्विन शंकर-दिव्या देशमुख समेत 17 प्लेयर्स को अर्जुन पुरस्कार

खेल मंत्रालय ने 2025 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है. इस बार किसी भी खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार नहीं मिलेगा, लेकिन 17 खिलाड़ी अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होंगे. जानें पूरी सूची और अन्य पुरस्कारों के बारे में.

National Sports Award: खेल मंत्रालय ने वर्ष 2025 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है. इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया है. वहीं, एथलीट तेजस्विन शंकर, शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती, बैडमिंटन जोड़ी गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है.

24 नामों की थी सिफारिश

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर मंत्रालय ने पुरस्कारों को मंजूरी दी है. समिति में दिग्गज खिलाड़ी, खेल पत्रकार और खेल प्रशासक भी शामिल थे. इस साल अर्जुन पुरस्कार के लिए समिति ने 24 नामों की सिफारिश की थी, लेकिन मंत्रालय ने अंतिम रूप से 17 खिलाड़ियों के नामों को मंजूरी दी.

इन 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार पाने वालों की सूची में एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वारियाथोडी और प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं. बैडमिंटन में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को सम्मान मिलेगा. बॉक्सिंग से नरेंद्र, शतरंज से विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख, जबकि बधिर निशानेबाजी से धनुष श्रीकांत को चुना गया है. हॉकी से लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुरजीत और पूजा, पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल और एकता भ्याण, रोइंग से अरविंद सिंह और शूटिंग से अखिल श्योराण अर्जुन पुरस्कार हासिल करेंगे.

Also Read: Video: बल्लेबाज के शॉट से अंपायर हुआ चोटिल, DPL में दिखा ये दर्दनाक नजारा

दिव्या देशमुख ने रचा है खास मुकाम

19 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख के लिए यह सम्मान बेहद खास है. वह विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं. वहीं विदित गुजराती 2024 शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं. वहीं तेजस्विन शंकर ने भी पिछले कुछ वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 2023 एशियाई खेलों में डेकाथलॉन में ऐतिहासिक रजत पदक जीता था. इसके अलावा पिछले साल एशियाई चैंपियनशिप में भी उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया था. घुटने की समस्या से जूझने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक अपने नाम किया.

क्रिकेटर का नाम नहीं

इस साल अर्जुन पुरस्कार की सूची में किसी भी क्रिकेटर को जगह नहीं मिली है. मोहम्मद शमी को 2023 में अर्जुन पुरस्कार मिलने के बाद इस सम्मान के लिए किसी क्रिकेटर का चयन नहीं हुआ है. पिछले साल 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया था, जिनमें 17 पैरा-स्पोर्ट्स से थे. इस बार पैरा-स्पोर्ट्स से केवल एकता भ्याण और रुद्रांश खंडेलवाल ही अंतिम सूची में शामिल हैं.

Also Read: कुमारा की गेंद पर छक्का जड़ पंत ने बनाया न्यू रिकॉर्ड, टेस्ट में 100 सिक्स लगाने वाले फर्स्ट इंडियन

अरुमैनायगम को आजीवन अर्जुन पुरस्कार

फुटबॉल में देश के लिए योगदान देने वाले पूर्व खिलाड़ी और कोच आई अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार (आजीवन) के लिए चुना गया है. वह 1962 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा रहे थे.

पांच को द्रोणाचार्य पुरस्कार

श्रेणीनामखेल
द्रोणाचार्य पुरस्कारपरवीर सिंहएथलेटिक्स
द्रोणाचार्य पुरस्कारछोटे लाल यादवबॉक्सिंग
द्रोणाचार्य पुरस्कारनेहा नंदकुमार चव्हाणशूटिंग
द्रोणाचार्य पुरस्कार (आजीवन)धर्मेंद्र सिंह यादवबॉक्सिंग
द्रोणाचार्य पुरस्कार (आजीवन)वीरेंद्र कुमारकुश्ती
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कारआर्मी पैरालंपिक नोड, पुणेखेलों का प्रोत्साहन और विकास

अर्जुन विजेताओं को 15 लाख रुपये

खेल रत्न के तहत पदक, प्रशस्ति पत्र के साथ 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है, जबकि अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये मिलते हैं. राष्ट्रीय खेल पुरस्कार आमतौर पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं. यह दिन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है.

पिछले साल चार खिलाड़ियों को मिला था खेल रत्न

इस बार खेल रत्न के लिए किसी भी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ है. पिछले साल यह सम्मान चार खिलाड़ियों को दिया गया था. इनमें विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश, भारतीय पुरुष हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह, पैरा-एथलीट प्रवीण कुमार और निशानेबाज मनु भाकर शामिल थे.

Also Read: द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके पड्डिक्कल, दूसरी पारी में भारत ने श्रीलंका को दिया 372 रन का टारगेट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >