Asia Cup Trophy: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीत लिया. लेकिन खिताब जीतने के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन एक बार फिर विवादों में आ गया. भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इससे पहले 2025 के पुरुष एशिया कप में भी ऐसी ही तस्वीर देखने को मिली थी. अब सवाल है कि यह विवाद आखिर कब खत्म होगा?
अप्रैल 2027 के बाद बदल सकती है तस्वीर
मोहसिन नकवी 3 अप्रैल 2025 को ACC के अध्यक्ष बने थे. ACC अध्यक्ष का कार्यकाल दो साल का होता है. मौजूदा कार्यकाल के हिसाब से नकवी 3 अप्रैल 2027 तक इस पद पर रहेंगे. हालांकि, अगला एशिया कप जून 2027 में खेला जाना है. ऐसे में उम्मीद है कि ACC की कमान किसी नए अध्यक्ष के हाथ में होगी. ऐसे में 2025 और 2026 में ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर जो विवाद हुआ है वह खत्म हो सकता है.
भारत को मिल सकती हैं दोनों ट्रॉफी?
2025 में पुरुष टीम ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था, लेकिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. 2026 में महिला टीम ने भी यही फैसला लिया. रिपोर्ट्स में अब संभावना जताई जा रही है कि नकवी के ACC अध्यक्ष पद से हटने के बाद दोनों ट्रॉफियों को भारत को मिल जाएगी.
ये भी पढ़ें: VIDEO: 'चोर...चोर, ट्रॉफी चोर', मोहसिन नकवी को देखते ही गूंजा स्टेडियम, वीडियो हुआ वायरल
नकवी की कई भूमिकाओं से बढ़ा विवाद
मोहसिन नकवी ACC अध्यक्ष होने के साथ PCB के प्रमुख और पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं. भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच उनकी इन भूमिकाओं ने विवाद को और बढ़ाया है. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भी भारत के फैसले का बचाव किया.
उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद दोनों देशों के रिश्ते और खराब हुए हैं और भारतीय टीम ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकती, जो भारत के खिलाफ काम कर रहा हो. सैकिया के मुताबिक BCCI ने विवाद सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बनी.
2027 में क्या होगा?
फिलहाल नकवी का कार्यकाल अप्रैल 2027 तक है. इसके बाद उन्हें दोबारा ACC अध्यक्ष बनाया जाएगा या नहीं, यह सदस्य देशों की सहमति पर निर्भर करेगा. अगर उनका कार्यकाल आगे नहीं बढ़ता है तो जून 2027 का एशिया कप नए ACC अध्यक्ष के दौर में होगा. ऐसे में भारत और नकवी के बीच ट्रॉफी को लेकर चला आ रहा विवाद खत्म होने की उम्मीद बढ़ सकती है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: 'गुड जॉब सर...', भारत को ट्रॉफी नहीं मिली तो मोहसिन नकवी की तारीफ करने लगा पाकिस्तानी फैन
