Mohammed Siraj Appointed Hyderabad Captian: मोहम्मद सिराज के लिए 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन सिर्फ घरेलू क्रिकेट में वापसी का मौका नहीं होगा. हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने भारतीय तेज गेंदबाज को आगामी रणजी सीजन के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया है. उनके साथ तेज गेंदबाज चामा मिलिंद को उपकप्तान बनाया गया है.
रणजी ट्रॉफी का नया सीजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा और हैदराबाद अपने अभियान की शुरुआत त्रिपुरा के खिलाफ करेगा. हैदराबाद को रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी में रखा गया है. इस ग्रुप में हैदराबाद के अलावा सौराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और त्रिपुरा की टीमें हैं.
कप्तानी के साथ सिराज की पेस पर भी रहेगी नजर
सिराज को यह जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है, जब उनकी गेंदबाजी की गति को लेकर चर्चा हुई थी. श्रीलंका दौरे पर उनकी गेंद की स्पीड 140 किलोमीटर प्रति घंटे से घटकर कई मौकों पर 120-125 तक पहुंच गई थी. श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों में सिराज ने 44 ओवर गेंदबाजी की और चार विकेट हासिल किए. इसके बाद उन्होंने खुद माना था कि लंबे ब्रेक के बाद सीधे मुकाबले में उतरने से उनकी गेंदबाजी की लय प्रभावित हुई थी.
खुद सिराज ने बताई थी पेस कम होने की वजह
दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद मोहम्मद सिराज ने अपनी गेंदबाजी पर खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया था कि उनका रन-अप उस लय में नहीं था, जिसकी उन्हें जरूरत होती है. सिराज के मुताबिक, रन-अप में कभी स्ट्राइड छोटी तो कभी लंबी हो रही थी. इसी वजह से उनका फ्लो टूट रहा था और इसका असर उनकी गति पर पड़ा. उन्होंने यह भी कहा था कि वह ऐसे गेंदबाज हैं, जिनकी गेंदबाजी काफी हद तक लय पर निर्भर करती है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: जसप्रीत बुमराह के सामने बेबस दिखे बॉस बेबी, महज चार गेंदों में वैभव को कर दिया खामोश
दलीप ट्रॉफी में दिखे वापसी के संकेत
हालांकि दलीप ट्रॉफी के अंत तक सिराज ने अपनी गेंदबाजी में सुधार के संकेत दिए. साउथ जोन की ओर से खेलने वाले सिराज ने टूर्नामेंट को आगे की चुनौतियों के लिए उपयोगी बताया. श्रीलंका दौरे के तुरंत बाद दलीप ट्रॉफी खेलने के कारण उनके सामने चुनौती भी कम नहीं थी.
उन्होंने बताया कि टीम श्रीलंका से लौटने के कुछ ही समय बाद चेन्नई की गर्मी में खेलने उतरी थी. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलते समय कोई बहाना नहीं हो सकता और हर खिलाड़ी को टीम के लिए पूरा प्रयास करना पड़ता है.
अब हैदराबाद की कप्तानी में खुद को साबित करने का मौका
रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद की कप्तानी सिराज के लिए एक अलग तरह की चुनौती होगी. उन्हें नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के साथ टीम को संभालने के साथ-साथ अपनी गेंदबाजी पर भी काम करना होगा. कप्तानी के दौरान उनके अनुभव का फायदा हैदराबाद के युवा गेंदबाजों और बल्लेबाजों को भी मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: जब हार मानकर सो गई थी टीम इंडिया, जागी तो पाकिस्तान को कर दिया ढेर; बचाया था वनडे का सबसे छोटा स्कोर
