MI vs LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए. जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने 8 गेंद शेष रहते हुए मुकाबले को अपने नाम किया. मुंबई ने 18.4 गेंदों में 229 रन बनाकर अंक तालिका में 2 अहम अंक जोड़े. इसके साथ ही मुंबई इंडियंस ने अपने इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी पूरा किया.
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स ने तेज शुरुआत की. 29 के स्कोर पर जोश इंग्लिस का विकेट गिरा. इंग्लिस 13 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद दूसरे विकेट के लिए मिचेल मार्श और निकोलस पूरन के बीच 34 गेंदों में 94 रनों की साझेदारी हुई.
पूरन की ताबड़तोड़ पारी
इस दौरान निकोलस पूरन ने महज 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. वो 21 गेंदों में 8 छक्का और 1 चौके के सहारे 63 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद मिचेल मार्श ने 44 रन बनाकर चलते बने. वहीं ऋषभ पंत 15 रन बनाकर आउट हो गए. अंत में हिम्मत सिंह और एडेन मार्करम ने टीम को 200 के पार पहुंचाया. हिम्मत सिंह ने नाबाद 40 और मार्करम ने नाबाद 31 रनों की पारी खेली. मुंबई के लिए कॉर्विन बॉश ने 2, गजनफर ने 1, विल जैक्स ने 1 और रघु शर्मा ने 1 विकेट चटकाए.
मुंबई की बेहतरीन शुरुआत
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत शानदार रही. रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 65 गेंदों में 143 रनों की साझेदारी की. रियान रिकल्टन ने 32 गेंदों में 8 छक्के और 6 चौके की मदद से 83 रनों की पारी खेली. उसके बाद रोहित शर्मा भी 44 गेंद पर 84 रन बनाकर आउट हो गए. इस दौरान 6 चौके और 7 छक्के लगाए.
मुंबई ने जीता मुकाबला
दोनों बल्लेबाजों ने 80 से ज्यादा रनों की पारी खेली. उसके बाद तिलक वर्मा 11 रन बनाकर आउट हो गए. 213 के स्कोर पर मुंबई इंडियंस को चौथा विकेट गिरा. सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हो गए. अंत में नमन धीर और विल जैक्स ने तेजी से रन बटोरते हुए मुकाबले को जीत लिया. नमन धीर ने नाबाद 23 और विल जैक्स ने नाबाद 10 रनों की पारी खेली. लखनऊ के लिए सिद्धार्थ ने 2 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें: अल्लाह गजनफर ने तोड़ा हरभजन सिंह का बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले मुंबई इंडियंस के पहले स्पिनर बने
