Laxman Sivaramakrishnan: भारत के पूर्व स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने कमेंट्री के दौरान अपने साथ हुई एक और खराब घटना का जिक्र किया है. कुछ समय पहले उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके साथ “रंग के आधार पर भेदभाव” किया गया है. जिसके कारण उन्होंने कमेंट्री छोड़ने का फैसला कर लिया था. उनके इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मच गया था. अब उन्होंने एक बार फिर एक चौंकाने वाली बात सामने रखकर सबको हैरान कर दिया है.
शिवरामकृष्णन ने एक्स पर किया खुलासा
पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने X पर अपनी ज़िंदगी की दो बेहद भावुक और दुखद घटनाओं का ज़िक्र किया है. उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने परिवार के दुख से ऊपर उठकर क्रिकेट को समय दिया, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ निराशा मिली.
भाई के अंतिम संस्कार के तुरंत बाद बुलाया गया
शिवरामकृष्णन ने लिखा कि कुछ साल पहले उनके बड़े भाई का निधन हो गया था. शाम को भाई का अंतिम संस्कार खत्म ही हुआ था कि कुछ ही मिनटों बाद बीसीसीआई के ब्रॉडकास्टिंग डायरेक्टर का फोन आया. उन्होंने मुझसे कहा- “अब जब अंतिम संस्कार खत्म हो गया है, तो क्या आप कल सुबह मोहाली में होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच की कमेंट्री के लिए फ्लाइट पकड़ सकते हैं.” शिवरामकृष्णन ने बताया कि वह अपना सारा दुख भूलकर कर्तव्य के लिए चले गए.
कमेंट्री के दौरान हुआ मां का निधन
उन्होंने आगे एक और दर्दनाक वाकया शेयर करते हुए बताया कि जब वह पुणे में कमेंट्री कर रहे थे. ठीक उसी दौरान उनकी मां का भी निधन हो गया था. उन्होंने लिखा, “खेल के लिए इतना सब कुछ कुर्बान करने के बाद भी, मुझे अंत में भेदभाव और अपमान झेलना पड़ा.”
नाम बताए बिना साधा निशाना
शिवरामकृष्णन ने साफ किया कि जिस व्यक्ति (बीसीसीआई डायरेक्टर) ने उनके साथ ऐसा बर्ताव किया, उसी की वजह से उन्होंने बीसीसीआई कमेंट्री छोड़ने का फैसला किया था. हालांकि, उन्होंने उस अधिकारी के नाम का खुलासा नहीं किया है.
IPL 2026 से ठीक पहले लिया था संन्यास
लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने मार्च में, IPL 2026 सीज़न शुरू होने से कुछ ही दिन पहले बीसीसीआई के कमेंट्री पैनल से संन्यास का ऐलान किया था. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनके साथ रंगभेद किया गया. शिवरामकृष्णन का दावा था कि इसी भेदभाव की वजह से इंडस्ट्री में उनके अनुभव को नजरअंदाज करके नए चेहरों को उनकी जगह दे दी गई.
शिवरामाकृष्णन का इंटरनेशनल करियर
भारत के पूर्व लेग स्पिनर शिवरामाकृष्णन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 9 टेस्ट और 16 वनडे मैच खेले. जिनमें उन्होंने क्रमशः 26 और 15 विकेट चटकाए. मैदान पर कमाल दिखाने के बाद, साल 2000 में उन्होंने कमेंट्री बॉक्स का रुख किया. पिछले दो दशकों से वे अपनी बेहतरीन आवाज़ और सटीक विश्लेषण के जरिए भारतीय क्रिकेट का एक बड़ा चेहरा बने हुए थे.
यह भी पढ़े- शुभमन गिल ने पकड़ा मैच का सबसे बेस्ट कैच, ‘फिंगर ऑन लिप्स’ सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल
