Lamine Yamal: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर शानदार अंदाज में सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया. मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। हालांकि, अंतिम क्षणों में मिकेल मेरिनो के निर्णायक गोल ने स्पेन को जीत दिला दी.
स्पेन ने बेल्जियम को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
इस जीत के साथ स्पेन ने 16 वर्षों बाद विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई. मुकाबले में युवा स्टार लमीन यमाल का प्रदर्शन भी शानदार रहा. उन्होंने गोल भले ही नहीं किया, लेकिन पूरे मैच के दौरान अपनी गति, ड्रिब्लिंग और रचनात्मक खेल से बेल्जियम के डिफेंडरों को लगातार परेशान किया. उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.
छोटे भाई की हुई सबसे ज्यादा चर्चा
मैच खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा लमीन यमाल की नहीं, बल्कि उनके तीन वर्षीय सौतेले भाई कीन की होने लगी. कीन स्टेडियम में मौजूद थे और परिवार के साथ स्पेन का मैच देख रहे थे. जैसे ही स्पेन ने दूसरा गोल किया, उनकी खुशी देखने लायक थी. वायरल हो रहे कई वीडियो में छोटा बच्चा खुशी से उछलता-कूदता और अलग-अलग मजेदार चेहरे बनाकर जोरदार अंदाज में जश्न मनाता नजर आ रहा है. उनकी मासूम प्रतिक्रिया ने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग इस वीडियो को लगातार शेयर कर रहे हैं और इसे विश्व कप के सबसे प्यारे पलों में से एक बता रहे हैं.
मेरिनो ने दो मिनट में पलट दिया मैच
स्पेन की जीत के असली हीरो अनुभवी मिडफील्डर मिकेल मेरिनो रहे. 30 वर्षीय खिलाड़ी को मैच के 86वें मिनट में मैदान पर उतारा गया और उन्होंने केवल दो मिनट बाद ही शानदार गोल कर स्पेन को 2-1 की बढ़त दिला दी. यह गोल मैच का आखिरी गोल साबित हुआ और स्पेन ने इसी स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया.
लगातार दूसरे नॉकआउट मैच में साबित हुए हीरो
मिकेल मेरिनो इससे पहले राउंड ऑफ-16 मुकाबले में भी स्पेन के लिए मैच विनर साबित हुए थे. पुर्तगाल के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वह बेंच से मैदान पर आए और इंजरी टाइम में मैच का इकलौता गोल कर स्पेन को क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया था. अब बेल्जियम के खिलाफ भी उन्होंने सब्स्टीट्यूट के रूप में उतरकर विजयी गोल किया और एक बार फिर टीम के संकटमोचक बनकर उभरे.
मेरिनो ने रचा विश्व कप का नया इतिहास
बेल्जियम के खिलाफ विजयी गोल के साथ मिकेल मेरिनो ने विश्व कप इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है. वह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने एक ही टूर्नामेंट के दो अलग-अलग नॉकआउट मुकाबलों में सब्स्टीट्यूट के रूप में उतरकर मैच जिताने वाला गोल किया है. इसके अलावा, वह स्पेन के लिए विश्व कप में 80वें मिनट के बाद दो मैच विजेता गोल करने वाले भी पहले खिलाड़ी बन गए हैं.
यामाल ने फिर साबित किया क्यों हैं भविष्य के सुपरस्टार
महज 18 वर्ष की उम्र में लमीन यमाल लगातार बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. भले ही वह इस मुकाबले में गोल नहीं कर सके, लेकिन उनके आक्रमण, पासिंग, ड्रिब्लिंग और मौके बनाने की क्षमता ने स्पेन के खेल को नई धार दी. यामाल के प्रदर्शन ने एक बार फिर यह संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में वह विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं.
सोशल मीडिया पर छाया भाई का सेलिब्रेशन
मैच के बाद इंटरनेट पर वायरल हुए वीडियो में छोटे कीन का मासूम और भावुक जश्न लाखों लोगों को पसंद आ रहा है. फुटबॉल प्रशंसकों का कहना है कि यह वर्ल्ड कप 2026 के सबसे यादगार और दिल छू लेने वाले पलों में से एक है. एक ओर जहां लमीन यमाल ने मैदान पर अपने खेल से दर्शकों का दिल जीता, वहीं उनके तीन वर्षीय भाई की मासूम खुशी ने मैदान के बाहर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
इसे भी पढ़े- FIFA World Cup 2026: स्पेन सेमीफाइनल में पहुंचा, अब डलास में फ्रांस से होगा महामुकाबला
