वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए ललित मोदी, युवा खिलाड़ी को दिया बड़ा ऑफर

Lalit Modi offer: आईपीएल 2026 में अपने बल्ले से तहलका मचाने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की किस्मत चमक गई है. इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए वैभव ने 700 से ज्यादा रन कूट डाले हैं.

Lalit Modi offer: आईपीएल के पूर्व चेयरमैन और संस्थापक ललित मोदी ने राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लीग के इतिहास की सबसे शानदार खरीद बताया है. वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए क्वालीफायर 2 मुकाबले में मात्र 47 गेंदों में 96 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को संभाला. इस ताबड़तोड़ पारी में उन्होंने 7 शानदार छक्के भी जड़े.

ललित मोदी ने वैभव सूर्यवंशी के लिए खोला दिल

वैभव सूर्यवंशी की बेखौफ और धमाकेदार बल्लेबाजी ने न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता, बल्कि आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी को भी अपना मुरीद बना लिया. वैभव के इस शानदार प्रदर्शन से गदगद होकर ललित मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बेहद भावुक और लंबा पोस्ट साझा किया. ललित मोदी ने वैभव के खेल को सिर्फ रनों के आंकड़े से ऊपर बताया और उनके लिए एक बड़े इनाम की घोषणा की. उन्होंने ऐलान किया कि वह वैभव को पूरी दुनिया में कहीं भी मुफ्त शिक्षा हासिल करने के लिए एक ‘फुल स्कॉलरशिप’ देंगे.

शतक नहीं, दिल जीता है

उन्होंने आगे लिखा कि आज वैभव सूर्यवंशी भले ही अपने शतक से महज चार रन दूर रह गए हों, लेकिन मेरी नजर में उन्होंने इससे कहीं बड़ी कामयाबी हासिल की है. उन्होंने पूरे देश को यह दिखा दिया है कि एक निडर और बेबाक युवा प्रतिभा असल में कैसी होती है.

वैभव के लिए मोदी का विजन

“मैंने हमेशा यह माना है कि खेल का मतलब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि नए अवसरों के दरवाजे खोलना है. इसी सोच के साथ, मैं वैभव को एक पूरी तरह से फंडेड एजुकेशनल स्कॉलरशिप की पेशकश कर रहा हूँ. वह भविष्य में जब भी चाहें, दुनिया के किसी भी कोने की, किसी भी यूनिवर्सिटी या कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं; इसका पूरा खर्च मैं उठाऊँगा.” उन्होंने आगे साफ किया कि यह इनाम सिर्फ उनके रनों के लिए नहीं है. “यह स्कॉलरशिप उनके रनों के लिए नहीं, बल्कि उस साहस, आत्मविश्वास और प्रेरणा के लिए है जो उन्होंने करोड़ों युवा भारतीयों के दिलों में जगाई है. मेरा मानना है कि किसी भी हुनरमंद बच्चे को कभी भी अपने टैलेंट और शिक्षा के बीच किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए.”

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने मचाया कोहराम

आईपीएल 2026 युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए किसी सुनहरे सपने जैसा साबित हुआ. इस सीजन में वैभव ने 16 मैचों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 776 रन अपने नाम किए. इसके साथ ही सीजन के टॉप स्कोरर बनकर ‘ऑरेंज कैप’ पर कब्जा जमाया. पूरे टूर्नामेंट में 230 से अधिक के तूफानी स्ट्राइक रेट से बेखौफ बल्लेबाजी करने वाले वैभव ने अपनी टीम को खिताबी जंग के बेहद करीब पहुंचा दिया था. लेकिन बेहद करीब आकर भी वह अपनी टीम को दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जिताने से सिर्फ दो कदम दूर रह गए.

यह भी पढ़े- हार के बाद डगआउट के कोने में सिमटे वैभव सूर्यवंशी, भावुक कर देगी ये तस्वीर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >