JSCA stadium stampede: रांची के धुर्वा स्थित JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार शाम झारखंड टी20 प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. मैच देखने पहुंचे हजारों क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ के कारण अचानक स्टेडियम परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. इस अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की में कई दर्शकों के घायल होने की खबर है. घटना के बाद से स्टेडियम और आसपास के इलाके में काफी देर तक अराजकता और दहशत का माहौल बना रहा.
क्यों बिगड़े JSCA स्टेडियम के हालात
सूत्रों के मुताबिक, इस अव्यवस्था की मुख्य वजह फाइनल मुकाबले के लिए दर्शकों का फ्री एंट्री होना था. मुफ्त एंट्री के ऐलान के बाद मैच देखने के लिए उम्मीद से कई गुना ज्यादा क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंच गए. दरअसल, यह खिताबी भिड़ंत छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स के बीच थी, जिसे लेकर स्थानीय फैंस में पहले से ही जबरदस्त उत्साह था. इसी रोमांच और मुफ्त एंट्री के कॉम्बिनेशन ने स्टेडियम के बाहर अनियंत्रित भीड़ खड़ी कर दी.
प्रशासन ने साधी चुप्पी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, असली विवाद स्टेडियम के वेस्ट गेट पर शुरू हुआ जहां हजारों की संख्या में फैंस जमा थे. इसी बीच एंट्री बंद होने और पीछे से दबाव बढ़ने के कारण गेट पर जबरदस्त धक्का-मुक्की होने लगी. अंदर जाने की जल्दबाजी में लोग एक-दूसरे के ऊपर ही गिरने लगे, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई. इस हादसे में कई दर्शकों को गंभीर चोटें आई हैं. हालांकि, जिला या स्टेडियम प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है.
सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
स्टेडियम में भगदड़ की खबर मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और मौके पर भारी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को रवाना किया गया. सुरक्षाबलों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला और अनियंत्रित हो रही भीड़ को सूझबूझ से नियंत्रित किया. गनीमत रही कि समय रहते सुरक्षा घेरा मजबूत कर लिया गया, जिससे स्थिति और ज्यादा भयावह होने से बच गई. माहौल शांत होने के बाद, सुरक्षाकर्मियों ने दर्शकों को कतारों में खड़ा कर व्यवस्थित तरीके से स्टेडियम में प्रवेश दिलाना शुरू किया.
हादसे के बाद उठे 3 बड़े सवाल
इस हादसे ने JSCA स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की पोल खोलकर रख दी है. इतने बड़े फाइनल मुकाबले में दर्शकों की संभावित संख्या का सही अंदाजा न लगा पाना और एंट्री गेट्स पर लचर इंतजाम होना, आयोजकों की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश है. उनका कहना है कि जब फाइनल मैच के लिए ‘फ्री एंट्री’ का एलान किया गया था, तो यह साफ था कि भारी भीड़ उमड़ेगी. ऐसे में प्रशासन को पहले से ही अतिरिक्त और पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे, ताकि दर्शकों की जान जोखिम में न पड़ती.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा बयान
JSCA स्टेडियम में हुई घटना पर संज्ञान लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग को तुरंत एक्टिव कर दिया गया है. मंत्री ने रांची के सिविल सर्जन और संबंधित अधिकारियों को मौके पर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा- “घायलों को त्वरित चिकित्सा देने के लिए एंबुलेंस मौके पर भेज दी गई है और अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है. मैं खुद स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा हूं, इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है.”
इसे भी पढ़े- इतिहास रच दिया बॉस! छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर को 7 विकेट से रौंदा, बना JT20 का पहला ‘किंग
