Arshad Nadeem viral video: पाकिस्तान के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स के पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. 29 वर्षीय नदीम ने क्वालिफाइंग राउंड में 78.63 मीटर का थ्रो कर आसानी से फाइनल के लिए क्वालिफाई किया. अब उनकी नजर लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडल पर है. फाइनल मुकाबला 31 जुलाई को खेला जाएगा, जहां पाकिस्तान समेत कई देशों के शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी पदक के लिए मुकाबला करेंगे.
सोशल मीडिया पर जारी किया भावुक वीडियो
फाइनल मुकाबले से पहले अरशद नदीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया. वीडियो में उन्होंने पाकिस्तान के लोगों से दुआ और समर्थन की अपील की.
उन्होंने कहा,
"अस्सलामु अलैकुम. आप सबको पता है कि ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स हो रहे हैं. आप सबकी दुआओं से मैंने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है. फाइनल 31 जुलाई को होगा. पाकिस्तान समय के मुताबिक रात 12 बजकर 15 मिनट पर. मेरे लिए दुआ करें ताकि मैं फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करूं और पाकिस्तान के लिए मेडल जीत सकूं। बहुत-बहुत धन्यवाद."
उनके इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फैंस ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद जताई.
ओलंपिक में बनाया था ऐतिहासिक रिकॉर्ड
अरशद नदीम पिछले कुछ वर्षों में विश्व भाला फेंक के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं. उन्होंने पेरिस ओलंपिक में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था. यह प्रदर्शन उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी रहा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान को और मजबूत बनाया. इसके अलावा, पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था. ऐसे में इस बार भी उनसे गोल्ड की उम्मीद की जा रही है.
फाइनल में भारत-पाकिस्तान के बीच दिलचस्प मुकाबला
पुरुष जैवलिन थ्रो के फाइनल में कुल 12 खिलाड़ियों ने जगह बनाई है. पाकिस्तान की ओर से अरशद नदीम सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं, जबकि भारत की उम्मीदें स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा पर टिकी हैं.
भारत के तीन खिलाड़ियों ने फाइनल में प्रवेश किया है-
- नीरज चोपड़ा
- रोहित यादव
- यशवीर सिंह
क्वालिफाइंग राउंड में नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और पांचवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई. वहीं रोहित यादव नौवें और यशवीर सिंह दसवें स्थान पर रहे. नीरज चोपड़ा का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90.23 मीटर है, जो उन्होंने पिछले वर्ष हासिल किया था. ऐसे में फाइनल में नीरज और अरशद नदीम के बीच एक बार फिर रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है.
इसे भी पढ़े- CWG 2026 Medal Tally: भारत के मेडल विजेताओं की पूरी लिस्ट, जानें किस खिलाड़ी ने जीता गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज
