Jasprit Bumrah ruled out of Sri Lanka Test series: भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. इस अहम सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बड़ी चिंता सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आगामी श्रीलंका दौरे से बाहर हो सकते हैं. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
फिटनेस पूरी तरह हासिल नहीं कर सके बुमराह
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह ने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी फिटनेस पर काम किया, लेकिन शुरुआती मेडिकल जांच के बाद भी उन्हें बाएं घुटने में परेशानी महसूस हो रही है. मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. रिपोर्ट में कहा गया है कि बोर्ड और टीम प्रबंधन बुमराह की फिटनेस को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते. यही वजह है कि उन्हें पूरी तरह फिट होने तक आराम देने पर विचार किया जा रहा है.
इंग्लैंड सीरीज के दौरान लगी थी चोट
बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी. चोट के कारण वह सीरीज के आखिरी वनडे मुकाबले में हिस्सा नहीं ले सके थे. इसके बाद से वह रिहैबिलिटेशन और फिटनेस हासिल करने की प्रक्रिया में हैं. हालांकि शुरुआती उम्मीद थी कि वह श्रीलंका दौरे तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स से संकेत मिल रहे हैं कि उनकी रिकवरी में अभी और समय लग सकता है.
BCCI नहीं करना चाहता जल्दबाजी
भारतीय टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम और आगे होने वाले बड़े टूर्नामेंटों को देखते हुए BCCI बुमराह की वापसी को लेकर सतर्क रुख अपनाना चाहता है. बोर्ड का मानना है कि अगर तेज गेंदबाज पूरी तरह फिट नहीं हैं तो उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर उतारना भविष्य में बड़ी समस्या पैदा कर सकता है. इसी वजह से मेडिकल टीम की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही बुमराह की वापसी पर फैसला लिया जाएगा.
टीम इंडिया की गेंदबाजी पर पड़ सकता है असर
अगर बुमराह वास्तव में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रहते हैं तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका होगा. वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल हैं और नई गेंद के साथ-साथ पुराने गेंद से भी विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं. उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय टीम को तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह या अन्य उपलब्ध गेंदबाजों पर निर्भर रहना पड़ सकता है. हालांकि अंतिम टीम का फैसला चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन द्वारा किया जाएगा.
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
फिलहाल बुमराह के श्रीलंका दौरे से बाहर होने की खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है. बीसीसीआई ने अभी तक उनकी फिटनेस या उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. ऐसे में भारतीय टीम की घोषणा और बोर्ड की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी.
श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन.
इसे भी पढ़े- Duleep Trophy 2026-27: तिलक वर्मा के हाथों में साउथ जोन की कमान, रिकी भुई बने उपकप्तान
