Jamshedpur FC ISL Exit: झारखंड की प्रमुख फुटबॉल फ्रेंचाइजी जमशेदपुर एफसी ने इंडियन सुपर लीग (ISL) को लेकर अहम फैसला लिया है. क्लब ने आधिकारिक बयान जारी कर घोषणा करते हुए कहा कि वह 2026-27 सीजन से इंडियन सुपर लीग में हिस्सा नहीं लेगा. इस फैसले के साथ 2017 में शुरू हुआ क्लब का ISL सफर फिलहाल थम जाएगा.
युवा खिलाड़ियों के विकास पर रहेगा फोकस
क्लब मैनेजमेंट ने स्पष्ट किया कि ISL से हटने का मतलब भारतीय फुटबॉल से दूरी बनाना नहीं है. जमशेदपुर एफसी ने कहा कि अब उसका मुख्य फोकस जमीनी स्तर पर फुटबॉल को मजबूत करने और युवा प्रतिभाओं को निखारने पर रहेगा. क्लब ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में काम करेगा, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें.
फैंस और खिलाड़ियों का जताया आभार
अपने बयान में क्लब ने 2017 से अब तक के सफर को याद करते हुए फैंस का धन्यवाद किया. क्लब ने कहा कि जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फैंस का जोश और समर्थन इस यात्रा की सबसे बड़ी ताकत रहा. इसके अलावा खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ और कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की गई.
AIFF और ISL को दी शुभकामनाएं
जमशेदपुर एफसी ने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य के लिए AIFF तथा ISL को शुभकामनाएं दीं. क्लब ने कहा कि वह भारतीय फुटबॉल के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता पहले की तरह जारी रखेगा.
2017 में हुई थी क्लब की शुरुआत
जमशेदपुर एफसी की स्थापना 2017 में हुई थी और उसी साल क्लब ने इंडियन सुपर लीग में पदार्पण किया था. पिछले कई वर्षों में टीम ने लीग में अपनी अलग पहचान बनाई और प्लेऑफ तक का सफर भी तय किया. अब क्लब के इस फैसले ने भारतीय फुटबॉल और खासकर झारखंड के फुटबॉल फैंस को काफी निराशा हुई है.
ये भी पढ़ें: डूरंड कप ने बदली रांची की शाम, फुटबॉल के रंग में रंगा मोराबादी
