आयरलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 5 अगस्त से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले तीन मुकाबलों के लिए 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम की कमान एक बार फिर पॉल स्टर्लिंग संभालेंगे, जो चोट के कारण भारत के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज से बाहर रहे थे.
जय मूंदड़ा को मिला इनाम
भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जय मूंदरा को भी टीम में शामिल किया गया है. मूंदड़ा और बेन कैलिट्ज ऐसे दो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, लेकिन अभी तक वनडे डेब्यू नहीं किया है.
बायरन मैकडोनफ को मिला पहली बार मौका
24 वर्षीय तेज गेंदबाज बायरन मैकडोनफ को पहली बार आयरलैंड की वनडे टीम में जगह मिली है. हाल ही में इंटर-प्रोविंशियल लिमिटेड ओवर्स कप में उन्होंने लेइनस्टर लाइटनिंग की खिताबी जीत में अहम योगदान देते हुए पांच मैचों में आठ विकेट लिए थे. अब तक नौ लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम 15 विकेट दर्ज हैं.
आयरलैंड की टीम (पहले तीन वनडे के लिए)
पॉल स्टर्लिंग (कप्तान), मार्क अडायर, एंड्रयू बालबर्नी, बेन कैलिट्ज, कर्टिस कैंफर, केड कारमाइकल, जॉर्ज डॉकरेल, गैविन होई, एंड्रयू मैकब्राइन, लियाम मैकार्थी, बायरन मैकडोनफ, जय मूंदड़ा, हैरी टेक्टर और लॉर्कन टकर.
चयनकर्ता ने नए खिलाड़ियों पर जताया भरोसा
आयररलैंड के राष्ट्रीय चयनकर्ता एंड्रयू व्हाइट ने कहा कि जय मूंदड़ा और बायरन मैकडोनफ दोनों टीम को अलग तरह की मजबूती देंगे. उन्होंने स्पिनर गैविन होई को मध्य ओवरों में विकेट लेने वाला गेंदबाज बताया, जबकि बेन कैलिट्ज की आक्रामक बल्लेबाजी को मध्यक्रम के लिए बड़ी ताकत माना.
कई खिलाड़ी अब भी चोटिल
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज की तरह इस बार भी कई खिलाड़ी उपलब्ध नहीं हैं. जोश लिटिल, मैट होलार्ड, क्रेग यंग, बैरी मैकार्थी, जॉर्डन नील और डेविड डेलानी चोट या रिकवरी प्रोटोकॉल के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. अंतिम दो वनडे के लिए टीम का ऐलान खिलाड़ियों की फिटनेस का आकलन करने के बाद किया जाएगा.
नए कोच गैरी विल्सन की पहली सीरीज
यह सीरीज आयरलैंड के नए मुख्य कोच गैरी विल्सन के कार्यकाल की पहली असाइनमेंट होगी. उन्होंने हाल ही में हेनरिक मलान की जगह टीम की जिम्मेदारी संभाली है. वहीं, पूर्व मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट पहले दो मैचों में सलाहकार की भूमिका में टीम के साथ रहेंगे.
ये भी पढ़ें: गौतम गंभीर के करीबी रयान टेन डोशेट ने छोड़ा टीम इंडिया का साथ, अब KKR में संभालेंगे ये जिम्मेदारी
