Ishan Kishan Ignored Dhoni: आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली. सोमवार को हुए इस मैच में हैदराबाद की जीत के हीरो विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन रहे. उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से टीम को जीत तो दिलाई.इसके साथ ही मैच खत्म होने के बाद मैदान पर जिस तरह जश्न मनाया, उसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है.
ईशान ने चेन्नई फैंस के जमकर लिए मजे
हैदराबाद की जीत का रन बनते ही मैदान पर जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला. अक्सर शांत रहने वाले ईशान किशन ने मैच जीतते ही चेन्नई के फैंस की तरफ देखा और उंगली से सीटी बजाने का इशारा किया. माना जा रहा है कि उन्होंने ऐसा चेन्नई सुपर किंग्स के मशहूर नारे ‘व्हिसल पोडू’ और उनके फैंस को चिढ़ाने के लिए किया था. ईशान यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाते हुए लगातार स्टैंड्स की तरफ उंगली दिखाई और घरेलू दर्शकों के मजे लेते हुए उन्हें उकसाने की कोशिश की.
धोनी को किया इग्नोर
मैदान पर जश्न के बीच एक ऐसा वाकया भी हुआ, जिसने खेल भावना पर सवाल खड़े कर दिए. एक तरफ ईशान किशन बाउंड्री के पास दर्शकों को चिढ़ाने में मशगूल थे. वहीं दूसरी तरफ महान एमएस धोनी पारी की तारीफ करने ईशान के पास आ रहे थे. पर ईशान फैंस से उलझने में इस कदर खोए थे कि उन्होंने सामने आ रहे धोनी पर ध्यान ही नहीं दिया.
ईशान की आंधी में उड़ी सीएसके
चेन्नई के 181 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत धमाकेदार रही. ईशान किशन ने विरोधी गेंदबाजों की क्लास लगाते हुए महज 47 गेंदों में 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 7 चौके और 3 शानदार छक्के उड़ाए. ईशान किशन की इसी बेखौफ बल्लेबाजी के दम पर हैदराबाद ने 19 ओवरों में ही मैच जीत लिया.
यह भी पढ़े- क्रुणाल पंड्या की हरकत से नाराज हुईं काव्या मारन, कैमरे में कैद हुआ रिएक्शन
