चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट से बाहर, आखिरी पायदान के लिए इन 4 टीमों में फंसा पेंच

IPL Playoff Race: शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के 66वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया है. इस करारी हार के साथ ही चेन्नई का इस सीजन के प्लेऑफ में पहुंचने का सपना पूरी तरह टूट गया है. अब प्लेऑफ के आखिरी बचे हुए एक स्थान के लिए चार टीमों के बीच कांटे की टक्कर है.

IPL Playoff Race: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का सफर खत्म हो गया है. टीम अपने आखिरी ग्रुप मैच में गुजरात टाइटंस से हार गई. मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बाद चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली तीसरी टीम बनी है. आरसीबी, एसआरएच और गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है. पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आखिरी 1 जगह के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की जंग जारी है.

राजस्थान का फैसला अपने हाथों में

राजस्थान रॉयल्स के 13 मैचों में 14 अंक हैं और उनका आखिरी मैच 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में है. समीकरण सीधा है कि अगर राजस्थान यह मैच जीत जाती है, तो बिना किसी ‘अगर-मगर’ के सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. लेकिन अगर टीम हारती है, तो किस्मत दूसरी टीमों के भरोसे रहेगी. तब प्लेऑफ में जाने के लिए पंजाब का हारना जरूरी होगा और साथ ही दिल्ली को केकेआर के खिलाफ एक छोटे अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.

पंजाब किंग्स को चमत्कार की उम्मीद

पंजाब किंग्स ने शुरुआत के पहले 7 मैचों में ही 13 पॉइंट बना लिए थे. लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन खराब रहा और अगले 6 मैचों में वह एक भी पॉइंट नहीं जोड़ पाई. जिससे 13 मैचों के बाद भी उसके 13 ही अंक हैं. अब पंजाब को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए न सिर्फ अपना आखिरी मैच हर हाल में जीतना होगा, बल्कि दूसरी टीमों की किस्मत पर भी निर्भर रहना होगा. पंजाब की दुआ होगी कि राजस्थान रॉयल्स अपना आखिरी मैच हार जाए और केकेआर अगर अपना मैच जीतती भी है, तो बहुत कम अंतर से जीते. पंजाब का यह करो या मरो वाला आखिरी मैच शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है.

केकेआर के सामने राजस्थान बड़ी चुनौती

केकेआर के लिए इस सीजन की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम को शुरुआती 6 मैचों में एक भी जीत नहीं मिली. लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए अगले 7 मैचों में से 6 मैच जीतकर 13 अंक हासिल कर लिए. अब प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए केकेआर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच हर हाल में जीतना होगा. इसके साथ ही टीम को दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा. केकेआर को उम्मीद करनी होगी कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में राजस्थान रॉयल्स हार जाए. अगर पंजाब किंग्स अपने मैच में लखनऊ को हराती भी है, तो उनकी जीत का अंतर बहुत कम रहे.

दिल्ली कैपिटल्स दूसरी टीमों के भरोसे

खराब नेट रन रेट (-0.871) की वजह से दिल्ली कैपिटल्स की राह काफी मुश्किल है. आगे बढ़ने के लिए दिल्ली को अपने आखिरी मैच में केकेआर पर एक बहुत बड़ी जीत दर्ज करनी होगी. इसके साथ ही उसे यह भी उम्मीद करनी होगी कि पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स अपने आखिरी मुकाबले हार जाएं, तभी दिल्ली का काम बन पाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >