IPL 2027 में नहीं खेलेंगे कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी? ये है कारण

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में आईपीएल 2027 को लेकर चिंता. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस जैसे बड़े खिलाड़ी ले सकते हैं ब्रेक. जानिए क्या है वजह.

IPL 2027 Australian players availability: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में आईपीएल 2027 से पहले ही बड़ी चिंता शुरू हो गई है. ऑस्ट्रेलिया के कई बड़े खिलाड़ी अगले आईपीएल सीजन में खेलते हुए नजर नहीं आ सकते हैं. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड और कैमरन ग्रीन जैसे खिलाड़ियों के सामने आईपीएल और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के बीच बड़ा फैसला लेने की स्थिति है. ऑस्ट्रेलिया का अगले 12 महीनों का क्रिकेट कार्यक्रम बहुत व्यस्त है. टीम को करीब 20 टेस्ट और 14 वनडे-टी20 मैच खेलने हैं. इसके अलावा एशेज सीरीज, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल और वनडे वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट भी आने वाले हैं. इतने ज्यादा मैचों की वजह से खिलाड़ियों की फिटनेस और आराम टीम के लिए बड़ी चिंता बन गई है. ऐसे में कुछ बड़े ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल 2027 से दूरी बना सकते हैं या कम मैच खेल सकते हैं.

IPL में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की भागीदारी हो सकती है सीमित

आईपीएल 2027 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के खेलने को लेकर अभी से सवाल उठने लगे हैं. खासकर तेज गेंदबाजों के लिए लगातार क्रिकेट खेलना मुश्किल हो सकता है. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी के सबसे अहम खिलाड़ी हैं. लगातार टेस्ट मैच और विदेशों के दौरे खेलने के बाद उन्हें आराम देना जरूरी होगा. ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद एशेज और संभावित WTC फाइनल भी खेलना है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट अपने खिलाड़ियों को पूरी तरह फिट और तरोताजा रखना चाहेगा. इसी वजह से आईपीएल 2027 में इन बड़े ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के खेलने पर रोक लग सकती है या उनकी उपलब्धता कम हो सकती है.

कोच मैकडोनाल्ड ने दे दिया बड़ा संकेत

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने साफ कर दिया है कि

टीम को आने वाले समय में कुछ कठिन फैसले लेने होंगे. हालांकि उन्होंने आईपीएल को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टी20 प्रतियोगिता में खेलने से खिलाड़ियों को प्रदर्शन का फायदा मिलता है. लेकिन मैकडोनाल्ड के मुताबिक असली चुनौती संतुलन बनाने की है. खिलाड़ियों को हर प्रतियोगिता में खिलाना लक्ष्य नहीं होगा, बल्कि उन्हें उन मुकाबलों के लिए फिट रखना प्राथमिकता होगी जहां ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा दांव लगा होगा. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि खिलाड़ियों की स्थिति को हर सीरीज के बाद देखा जाएगा और आईपीएल को लेकर अंतिम फैसला भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद लिया जा सकता है.

2023 में भी लिया था कुछ ऐसा ही फैसला

ऑस्ट्रेलिया पहले भी बड़े टूर्नामेंट को प्राथमिकता देने के लिए आईपीएल से दूरी बनाने का फैसला कर चुका है. 2023 में वनडे वर्ल्ड कप से पहले ट्रेविस हेड, मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस आईपीएल में नहीं खेले थे. उस फैसले का फायदा ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप में साफ नजर आया. भारत के खिलाफ फाइनल में ट्रेविस हेड ने 137 रनों की तूफानी पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को खिताब दिलाया. वहीं कमिंस और स्टार्क ने गेंद से भारत की बल्लेबाजी को तहस-नहस करने में अहम भूमिका निभाई. ऑस्ट्रेलिया ने उस फाइनल में भारत को हराकर रिकॉर्ड छठी बार वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया था.

बांग्लादेश सीरीज से होगी शुरुआत

इस बार मामला सिर्फ वर्ल्ड कप तक सीमित नहीं है. ऑस्ट्रेलिया को बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से अपने व्यस्त अभियान की शुरुआत करनी है. इसके बाद जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका में छह वनडे, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ आठ व्हाइट-बॉल मुकाबले होंगे. इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट और भारत में पांच टेस्ट मैचों की चुनौती सामने होगी.

इसे भी पढ़े- क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने गुपचुप रचाई शादी? चार्ली चौहान संग वायरल हुईं तस्वीरें

मार्च में ऐतिहासिक 150वां टेस्ट

मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ 150वीं वर्षगांठ का ऐतिहासिक टेस्ट होगा. इसके बाद जून-जुलाई में इंग्लैंड की धरती पर पांच मैचों की एशेज सीरीज खेली जाएगी. इस बीच अगर ऑस्ट्रेलिया WTC फाइनल के लिए क्वालीफाई करता है तो एक और बेहद अहम मुकाबला उसके कैलेंडर में जुड़ जाएगा. साल के अंत में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है.

स्टार्क-कमिंस समेत इन 5 खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

मिशेल स्टार्क: लंबे टेस्ट अभियान के कारण वर्कलोड मैनेजमेंट सबसे बड़ी चिंता.

पैट कमिंस: कप्तान होने के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख तेज गेंदबाज, इसलिए आराम बेहद अहम.

जोश हेजलवुड: चोटों के इतिहास को देखते हुए टीम उन्हें अतिरिक्त क्रिकेट से बचा सकती है.

ट्रेविस हेड: टेस्ट और वनडे दोनों में टीम के अहम बल्लेबाज, बड़े टूर्नामेंटों के लिए फिट रखना प्राथमिकता.

कैमरन ग्रीन: ऑस्ट्रेलिया के भविष्य के प्रमुख ऑलराउंडरों में शामिल, इसलिए उनके वर्कलोड पर भी कड़ी नजर रहेगी.

अभी फैसला नहीं, लेकिन खतरे की घंटी बज चुकी है

फिलहाल यह तय नहीं है कि इनमें से कौन-कौन आईपीएल 2027 से बाहर रहेगा. ऑस्ट्रेलिया का टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन को सीरीज दर सीरीज देखेगा. लेकिन एक बात साफ है कि अगर एशेज और WTC फाइनल के लिए अपने सितारों को 100 फीसदी फिट रखना है, तो ऑस्ट्रेलिया को आईपीएल को लेकर कुछ बड़े और कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं.

इसे भी पढ़े- उत्तराखंड में जमीन की तलाश में ऋषभ पंत, CM धामी ने कहा- हरसंभव मदद करेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >