India vs Japan T20I: जापान के साणो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में बारिश और टाइफून के बीच खेला गया भारत-जापान टी20 मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. मैच सिर्फ 5-5 ओवर का हुआ और टीम इंडिया ने आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में जापान को 2 रन से हराया. हालांकि, भारत की जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच के फैसले ने चर्चा जरूर छेड़ दी है.
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि उन्होंने 12 गेंदों पर सिर्फ 16 रन बनाए. उनकी पारी में केवल एक चौका आया. दूसरी ओर, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने गेंद से बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए भारत की जीत की नींव रखी. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इस मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच के लिए गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी विचार क्यों नहीं हुआ?
सिर्फ एक चौका, 12 गेंद और 16 रन
बारिश के कारण मुकाबला पांच-पांच ओवर का कर दिया गया था. मुश्किल परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं रहा. अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि संजू सैमसन 9 और ईशान किशन सिर्फ 3 रन ही बना सके.
ऐसे समय में श्रेयस अय्यर ने 12 गेंदों पर 16 रन बनाए. उनकी पारी में केवल एक चौका शामिल था. हालांकि, भारतीय टीम का स्कोर भी 5 ओवर में 4 विकेट पर सिर्फ 32 रन रहा. इसके बावजूद अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. यही वजह है कि इस फैसले को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है.
ये भी पढ़ें: India Vs Japan T20I: आखिरी ओवर में अंपायर के फैसले पर क्यों छिड़ी बहस? जानें क्या कहता है ICC का नियम
सुंदर के साथ अक्षर ने भी संभाला मोर्चा
भारत की जीत में गेंदबाजों का योगदान बेहद अहम रहा. वॉशिंगटन सुंदर ने अपने दो ओवर में सिर्फ 13 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. उन्होंने जापान के कप्तान केंडेल कडोवाकी-फ्लेमिंग को 12 रन के स्कोर पर आउट कर भारत को अहम सफलता दिलाई.
वहीं, अक्षर पटेल ने भी दबाव भरे मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने अपने दो ओवर के स्पेल में सिर्फ 7 रन खर्च किए. खास बात यह रही कि अक्षर ने ही भारत के लिए आखिरी ओवर डाला, जब जापान को जीत के लिए 6 गेंदों पर सिर्फ 8 रन चाहिए थे.
अक्षर ने आखिरी ओवर में जापानी बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने का मौका नहीं दिया और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया. ऐसे में 2 ओवर में 7 रन देने वाले अक्षर और 2 विकेट लेने वाले सुंदर का प्रदर्शन भी प्लेयर ऑफ द मैच की चर्चा में अहम हो जाता है.
32 रन के स्कोर का भारत ने किया बचाव
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम बारिश से प्रभावित परिस्थितियों में 5 ओवर में 4 विकेट पर सिर्फ 32 रन ही बना सकी. जापान के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम ने भी भारत को कड़ी टक्कर दी. आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 8 रन चाहिए थे और उसके सात विकेट बाकी थे. लेकिन अक्षर पटेल ने दबाव के उस पल में बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और भारत को जीत दिला दी. आखिरकार भारत ने अंतिम गेंद पर जापान को 2 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: अभिषेक-ईशान ने टोक्यो से शेयर की साथ की तस्वीरें, शर्मा के सैंडल्स पर किशन का कमेंट हुआ वायरल
