Hockey World Cup 2026, IND vs PAK: हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की है. एम्सटेलवीन के वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए ग्रुप डी के मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5-3 से मात देकर अपने अभियान को मजबूती दी. दोनों टीमों के बीच मुकाबले में शुरुआत से ही रोमांच देखने को मिला और भारत ने लगातार दबाव बनाए रखते हुए पाकिस्तान को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया.
भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल दागे. वहीं मंदीप सिंह, अभिषेक और हार्दिक सिंह ने भी एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने दो जबकि सूफयान खान ने एक गोल किया.
पहले क्वार्टर में भारत का दबदबा
मुकाबले की शुरुआत से ही भारत ने आक्रामक रुख अपनाया. छठे मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपनी शानदार ड्रैग-फ्लिक से गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी. इसके बाद पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ गई, जब मोहम्मद हम्मादुद्दीन को ग्रीन कार्ड दिखाया गया और पाकिस्तान को दो मिनट के लिए 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. भारत ने इस मौके का फायदा उठाया और 11वें मिनट में मंदीप सिंह ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया. पहला क्वार्टर खत्म होने तक भारत ने पाकिस्तान पर 2-0 की बढ़त बना ली थी.
हरमनप्रीत का दूसरा गोल
दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा. एक और पेनल्टी कॉर्नर मिलने पर हरमनप्रीत ने अपना दूसरा गोल दागा और भारत को 3-0 से आगे कर दिया. पाकिस्तान ने हन्नान शाहिद के गोल से वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने तुरंत पलटवार किया. अभिषेक ने शानदार गोल कर भारत की बढ़त फिर से तीन गोल की कर दी. पाकिस्तान ने इसके बाद सूफयान खान के गोल से स्कोर 4-2 किया, लेकिन हाफ टाइम तक भारत मजबूत स्थिति में रहा.
ये भी पढ़ें: भारत के 600 टेस्ट मैचों का सफर: 94 साल, 187 जीत...ऐसे बदली टीम इंडिया की तस्वीर
हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर किया गोल
तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने अपना दबदबा कायम रखा. पाकिस्तान के अरशद ने आदित्य लालगे को फाउल किया, जिसके बाद भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला. हार्दिक सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और गेंद को गोल के निचले बाएं कोने में भेजकर भारत का पांचवां गोल कर दिया. इसके साथ ही भारत ने 5-2 की बढ़त हासिल कर ली.
चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान ने की वापसी की नाकाम कोशिश
चौथे क्वार्टर की शुरुआत में पाकिस्तान ने तेज शुरुआत की. हन्नान शाहिद ने एक और गोल कर भारत की बढ़त को 5-3 कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने लगातार हमले किए और भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाने की कोशिश की. हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा और पाकिस्तान को ज्यादा मौके नहीं दिए. आखिरी सीटी बजते ही भारत ने 5-3 से शानदार जीत दर्ज कर ली.
ये भी पढ़ें: WTC Points Table: श्रीलंका को 165 रन से हराकर भी टॉप-4 से बाहर भारत, जानें टीम इंडिया का हाल
भारत के लिए क्यों खास थी यह जीत?
भारत के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण था. टीम ने अपने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराया था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसे 2-4 से हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत के लिए अगले दौर की राह आसान करने वाली साबित हुई. वहीं पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा था. इंग्लैंड के खिलाफ हार और वेल्स के खिलाफ ड्रॉ के बाद उसके खाते में सिर्फ एक अंक था. भारत के खिलाफ हार के साथ पाकिस्तान की टीम हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर हो गई.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: 2010 में लिया था 1982 की हार का बदला, अब 16 साल बाद फिर आमने-सामने भारत-पाकिस्तान
